यूपी का सुल्तानपुर विकास कार्यों में चौथे स्थान पर:DM

सुल्तानपुर। जिले की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह के कार्यों की सराहना की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में प्राप्त यह स्थान जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को इसी प्रकार बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं की गुणवत्ता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा कर कमियों को तत्काल दूर किया जाए।

शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में सुल्तानपुर जनपद ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विकास कार्यों की प्रगति एवं विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के आधार पर जिले को पूरे प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि को जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की लगातार मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।

जनपद को मिली इस उपलब्धि में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की सक्रिय निगरानी, विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सीडीओ द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाता रहा है। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद को विकास कार्यों में प्राप्त इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं की प्रगति में जहां भी कोई कमी सामने आए, उसे समय रहते दूर किया जाए और शासन की प्राथमिकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रदेश में चौथा स्थान मिलने के बाद जिला प्रशासन का फोकस अब जिले की रैंकिंग को और बेहतर बनाने तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में सुल्तानपुर को अग्रणी जनपदों में शामिल कराने पर है।

Back to top button