
शिक्षक दंपती हत्या: चोरी का विरोध करने पर दंपती को फावड़े से काटा
कंप्यूटर सीखने वाला ही है हत्यारा
Sultanpur: कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डुड़िया स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान में शिक्षक दंपती की नृशंस हत्या का सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी के इरादे से संस्थान में घुसे दो आरोपितों ने विरोध करने पर शिक्षक मुकेश कुमार सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के मुताबिक, 28 सितंबर की रात मनराजी शिक्षण संस्थान में शिक्षक दंपती की धारदार हथियार से हत्या की गई थी। दोहरे हत्याकांड की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों की निगरानी में एसओजी, सर्विलांस समेत कई टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान पुलिस ने राकेश कुमार यादव पुत्र स्व. लहुरी यादव (36) और आशीष यादव उर्फ डब्बू यादव पुत्र हरिनाथ यादव (36) निवासी कुंभी डुड़िया को गिरफ्तार किया।
कंप्यूटर सीखने के बहाने जुटाई थी पूरी जानकारी
पूछताछ में सामने आया कि राकेश कुमार यादव मनराजी शिक्षण संस्थान में कंप्यूटर सीखने आता-जाता था। इसी दौरान उसे संस्थान के कार्यालय, चाबी, अलमारी और वहां रखी नकदी के संबंध में जानकारी हो गई। इसके बाद दोनों ने चोरी की योजना बनाई।
रात में चोरी करने पहुंचे आरोपितों को शिक्षक दंपती ने देख लिया और विरोध किया। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपितों ने फावड़े से मुकेश सिंह और विनीता सिंह पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी संस्थान से नकदी और मोबाइल लेकर भाग निकले।
34,960 रुपये और फावड़ा बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 34,960 रुपये की चोरी की रकम, मृतका विनीता सिंह का आधार कार्ड, वारदात में प्रयुक्त फावड़ा (आला-ए-कत्ल) और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पकड़े जाने के डर से मृतका का मोबाइल फोन कुएं में फेंक दिया गया था।
पुलिस की पूछताछ में खुली हत्या की परतें
पुलिस पूछताछ में आरोपित राकेश ने बताया कि वह शिक्षण संस्थान में कंप्यूटर सीखने के कारण वहां की गतिविधियों से परिचित था। इसी जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने चोरी की साजिश रची, लेकिन दंपती के विरोध ने वारदात को दोहरे हत्याकांड में बदल दिया।





