
अरे! ओ मुंबई पुलिस… दिल्ली पुलिस मत बनो: अभिजीत दीपके
सीजेपी संयोजक सुरक्षा में तैनात PSI से भिड़े
पुलिस को अभिजीत ने फटकारा,वीडियो वायरल
दीपके ने लगाया जासूसी का आरोप
मुंबई। छत्रपति संभाजीनगर स्थित कॉकरेच जनता पार्टी (सीजेपी) के संयोजक अभिजीत दीपके ने अपने घर पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआई) से तीखी बहस की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी लोगों को उनसे मिलने से रोक रहा है। दीपके ने घर पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था से उक्त पुलिसकर्मी को हटाने की मांग की। अभिजीत दीपके ने अपने घर की सुरक्षा में तैनात पीएसआई पर लोगों से कथित तौर पर रूखा व्यवहार करने और उन्हें उनसे मिलने से रोकने का आरोप लगाया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दीपके पुलिसकर्मी को फटकारते हुए उसे घर से बाहर जाने के लिए कहते और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से उसे हटाने की मांग करते नजर आ रहे हैं। दीपके ने अपने आवास के आसपास सादे कपड़ों में सीआईडी कर्मियों की मौजूदगी और उनके द्वारा ‘हिट स्प्रे’ नाम के व्हाट्सऐप ग्रुप में रिपोर्ट भेजे जाने का भी दावा किया है। पुलिस की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी उनके घर आने वाले लोगों के साथ रूखा व्यवहार कर रहा था और वालुज एमआईडीसी इलाके में स्थित उनके आवास में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने के साथ-साथ उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा था।





