
कोलकाता में भीषण आग से नौ मरे,छह घायल,होटल मालिक फरार
मरने वालों में बांग्लादेशी भी शामिल:मंत्री
दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर स्थित एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगी । करीब नौ लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में मृतकों में चार साल का एक बच्चा भी शामिल है। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। यह इमारत मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर स्थित है और इसमें कई होटल चलते हैं। पश्चिम बंगाल के अग्निशमन मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि मरने वालों में भारतीयों के साथ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। उन्होंने घटनास्थल का दौरा करने के बाद कहा कि इमारत की स्थिति बेहद खराब थी और उसमें कई होटल चल रहे थे।मिली जानकारी के मुताबिक आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के सही कारण का पता फोरेंसिक जांच के बाद ही चलेगा। मंत्री ने कहा कि इमारत के प्रबंधन ने सुरक्षा और निर्माण से जुड़े जरूरी नियमों का पालन नहीं किया था। होटल के संचालन में भी कई अनियमितताएं होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, होटल का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर पर भी छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस आग लगने की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इमारत में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हुआ था या नहीं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के घटनास्थल पर पहुंचने की संभावना है।इस मामले में एक पुलिसकर्मी ने बताया कि होटल में धुआं बहुत ज्यादा भर गया था, इसके कारण दमकलकर्मियों को सीढ़ियों से ऊपर की मंजिलों तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और फिलहाल इमारत को ठंडा करने का काम चल रहा है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल प्राथमिकता होटल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और आग लगने के कारणों का पता लगाना है। खास बात यह है कि पश्चिम बंगाल अग्निशमन विभाग का मुख्यालय होटल के पास ही स्थित है।पुलिस ने बताया कि आग रात करीब 1:45 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि इमारत से करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।





