
गंगा में मूर्ति विसर्जित करते ही 11 लोग डूबे, छह लापता, एक की मौत
Patna: बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में कर्मा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन समेत 11 लोग डूबने लगे। हादसे में चार लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है। वहीं, छह लोगों की तलाश अभी जारी है। अलग-अलग घटनाओं के बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई है।
मूर्ति विसर्जन के बाद दोस्त ने पीयूष समेत अन्य युवकों से स्नान करने के लिए कहा। इसके बाद सभी एक साथ गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान तीन युवक डूबने लगे। एक युवक को लोगों ने बचा लिया, लेकिन उनका बेटा पीयूष गंगा में डूब गया। बाढ़ की अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि दो युवक गंगा में डूब गए हैं। मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है। स्थानीय गोताखोर भी दोनों युवकों की तलाश में जुटे हुए हैं।





