
भेड़ों के बाड़े में घुसा तेंदुआ, 88 की मौत, 13 घायल
गैसड़ी। नगर पंचायत गैसड़ी के वार्ड संख्या 10 खदगौरा में रविवार रात तेंदुए के बाड़े में घुसने से 200 भेड़ों के झुंड में भगदड़ मच गई, जिससे 88 भेड़ों की मौत हो गई। 13 भेड़ गंभीर रूप से घायल हैं। सुबह बाड़े में बड़ी संख्या में भेड़ों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। एसडीएम हेमंत गुप्ता और पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और तेंदुए की मौजूदगी के साक्ष्य जुटाए।
खदगौरा निवासी कन्हैयालाल पाल और विजय पाल ने बताया कि रविवार की रात करीब 200 भेड़ें चारदीवारी से घिरे बाड़े में थीं। रात में किसी समय तेंदुआ बाड़े में घुस आया। तेंदुए को देखकर भेड़ों में भगदड़ मच गई। बचने के प्रयास में कई भेड़ें एक-दूसरे के ऊपर गिरती चली गईं। इस दौरान तेंदुए ने भी कुछ भेड़ों पर हमला किया। सोमवार सुबह जब परिवार के लोग बाड़े में पहुंचे तो वहां 88 भेड़ें मृत पड़ी थीं, जबकि 13 घायल मिलीं। घटना के बाद खदगौरा सहित आसपास के इलाके में तेंदुए को लेकर दहशत फैल गई है। आबादी के बीच तेंदुए के पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि रात में तेंदुए की गतिविधि होने से घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की तलाश कर उसे पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाने की मांग की है





