
राजस्थान निकाय चुनाव का मतदान जारी, नागौर-बूंदी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जयपुर। राजस्थान नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत जालोर नगर परिषद के 40 वार्डों में बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। कुल 41,781 मतदाता ईवीएम के जरिए अगले पांच साल के लिए अपने वार्ड प्रतिनिधि चुनेंगे। चुनाव मैदान में भाजपा और कांग्रेस के 40-40 प्रत्याशियों समेत कुल 173 उम्मीदवार हैं, जिनमें 90 निर्दलीय और 3 आरएलपी प्रत्याशी शामिल हैं। वार्ड 15 में सबसे ज्यादा 9 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि वार्ड 2, 9, 29 और 36 में दो-दो उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है।
मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस जवान तैनात हैं और निर्वाचन विभाग लगातार मतदान प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।





