
मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे सीएम योगी, पूजा के बाद विंध्य कॉरिडोर का लिया जायजा…
CM Yogi Mirzapur Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मिर्जापुर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ माता के दर्शन और पूजा-अर्चना की।
धार्मिक अनुष्ठान के बाद मुख्यमंत्री ने विंध्य कॉरिडोर परियोजना का निरीक्षण किया, श्रद्धालुओं के लिए शुरू की गई नई सुविधाओं का जायजा लिया और विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक भी की।
हेलीपैड पर हुआ भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर में मोतीझील मार्ग पर बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरा। यहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पुरानी वीआईपी रोड होते हुए गणेश द्वार पहुंचे और वहां से मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया।
विधि-विधान से किया मां विंध्यवासिनी का पूजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। दर्शन-पूजन की पूरी प्रक्रिया तीर्थ पुरोहित पशुपति नाथ मिश्रा और धीरज मिश्रा ने संपन्न कराई।
विंध्य कॉरिडोर परियोजना का लिया जायजा
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने विंध्य कॉरिडोर परियोजना का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की गुणवत्ता, समयसीमा और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने परिक्रमा पथ परिसर में स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को देखा और उनके स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
श्रद्धालुओं के लिए शुरू हुई सेफ हाउस सुविधा
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विकसित सेफ हाउस सुविधा का शुभारंभ किया। प्रशासन का मानना है कि इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा।
यह भी पढ़ें…
गोमती किनारे हरियाली का महाअभियान, 297 स्थानों पर लगेंगे 31.37 लाख पौधे…
विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक
धार्मिक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री अष्टभुजा डाक बंगले के सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, समयबद्ध क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें…
UP News: पढ़ाई के दौरान लड़कियां भाग जाती हैं, फिर प्रेग्नेंट…,ये क्या बोल गईं राज्यपाल
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, विधायक रत्नाकर मिश्रा, एमएलसी विनीत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई।
यह भी पढ़ें…





