69000 शिक्षक भर्ती: संदीप सिंह ने कहा किसी के साथ नहीं होगा अन्याय

सुप्रीम कोर्ट में आठ सितंबर को है सुनवाई

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से अभ्यर्थियों ने की मुलाकात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश 69000 शिक्षक भर्ती मामले को लेकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरन बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी औऱ संयुक्त शिक्षा निदेशक गणेश कुमार भी मौजूद थे। आठ सितंबर को उक्त प्रकरण की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में होनी है।

मुलाकात की जानकारी देते हुए यशवंत कुमार ने बताया कि बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि किसी भी अभ्यर्थी का अहित नहीं होने दिया जाएगा सभी का ध्यान रखा जाएगा। लेकिन वहाँ मौजूद दोनों अधिकारी हमारे सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय गुमराह कर रहे थे। 6800 की सूची में शामिल एससी वर्ग के अभ्यर्थी भोलानाथ अम्बेडकर ने मंत्री जी के सामने अधिकारियों से पूछा कि 6800 की सूची में शामिल 1041 एससी वर्ग के अभ्यर्थियों का नाम सुप्रीम कोर्ट में दिए गए एफिडेविट में क्यों नहीं हैं? इस पर अधिकारियों ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया बस इतना कहा कि यह लिस्ट हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार बनाई गई है। मंत्री ने खुद अभ्यर्थियों और अधिकारीयों के सवाल जवाब को सुना और अभ्यर्थियों को आश्वासन देते हुए कहा की किसी भी पात्र अभ्यर्थी का अहित नहीं होने दिया जायेगा।

अधिकारियों का रवैया ठीक नहीं है:अर्चना शर्मा

अयोध्या जिले से पहुंची अर्चना शर्मा ने कहा कि मंत्री ने तो आश्वासन दिया है कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा लेकिन अधिकारियों का जो रवैया है वह ठीक नहीं है अधिकारी कहते कुछ है औऱ करते कुछ है। अधिकारी हम अभ्यर्थियों को ही नहीं बल्कि मंत्री जी को भी सोलह दूनी आठ पढ़ा रहे हैं।अभ्यर्थियों ने मंत्री से मांग करते हुए कहा कि आगामी तिथि पर होने वाली सुनवाई के दौरान सरकार के अधिवक्ता कोर्ट में समय से उपस्थित होकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के हितों का ध्यान रखते हुए पक्ष रखे। जिससे हजारों वंचित आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।

Back to top button