
सिंगरौली में धर्मांतरण रैकेट का भंडाफोड़; पांच गिरफ्तार, 50 लोगों के धर्म परिवर्तन का आरोप
MP News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में पुलिस ने धर्मांतरण के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। नवानगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पकड़े गए लोगों में से दो ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मौके से धार्मिक किताबें और नकदी भी जब्त की गई है।
दस साल से चल रहा था गोरखधंधा
जांच में सामने आया है कि ओडिशा से आए दो लोग बीते 10 सालों से एनसीएल की खाली जमीन पर अवैध कब्जा कर धर्मांतरण की गतिविधियां चला रहे थे।
- पहले ये लोग कुछ स्थानीय लोगों को अपने विश्वास में लेकर क्षेत्र की जानकारी जुटाते थे।
- इसके बाद कॉलेज के छात्र-छात्राओं और गांव के पुरुषों-महिलाओं को निशाना बनाते थे।
- आरोप है कि उन्हें पैसों का लालच देकर और दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन कराया जाता था।
पुलिस का दावा है कि इस रैकेट के जरिए अब तक करीब 50 लोगों का धर्मांतरण किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें…
मीका सिंह ने सीएम मोहन यादव से की मुलाकात, नशा विरोधी प्रयासों की सराहना
छापेमारी के दौरान 100 लोग मौजूद
नवानगर थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी को मंगलवार देर रात सूचना मिली कि एक बस्ती में अवैध धर्मांतरण की गतिविधि चल रही है।
- पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो करीब 100 लोग वहां इकट्ठा पाए गए।
- छानबीन के दौरान पांच लोगों को हिरासत में लिया गया।
- वहां से धार्मिक साहित्य और नकदी भी जब्त की गई।
यह भी पढ़ें…
सिंधिया परिवार का दबदबा बरकरार, अब महाआर्यमन संभालेंगे MPCA की बागडोर
पुलिस की आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्थानीय लोगों को बरगलाकर अवैध रूप से धर्मांतरण करा रहे हैं। तत्काल कार्रवाई की गई और मौके से पांच लोगों को पकड़ा गया। उनसे पूछताछ जारी है। मामले में अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”
यह मामला राज्य में धर्मांतरण से जुड़े हालिया सबसे बड़े खुलासों में से एक माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच के बाद पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।
यह भी पढ़ें…





