उज्जैन में अवैध निर्माण पर बुलडोज़र एक्शन, 11 मकान-दुकान और दो होटल ध्वस्त

Bulldozer Action: मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में अवैध निर्माण कार्यों को ध्वस्त करने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को प्रशासन ने महाकालेश्वर मंदिर परिसर के करीब बेगमबाग कॉलोनी में बने अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की।

प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई
इस अभियान में उज्जैन विकास प्राधिकरण, नगर निगम और पुलिस प्रशासन की टीमें शामिल रहीं। कार्रवाई के लिए पांच जेसीबी और चार पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल किया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को भी तैनात किया गया।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) एल.एन. गर्ग ने बताया कि बेगमबाग इलाके में लीज की शर्तों का उल्लंघन करते हुए किए गए निर्माण कार्यों को चिन्हित कर तोड़ा जा रहा है। इस दौरान दो होटल, रेस्टोरेंट और 11 मकान-दुकान ढहाए गए।

बार-बार की जा रही कार्रवाई
बेगमबाग मुस्लिम बहुल इलाका है और बीते तीन माह में यहां यह चौथी बड़ी कार्रवाई है। प्रशासन ने अब तक 28 संपत्तियों को चिन्हित किया है, जिन पर 60 से अधिक अवैध निर्माण किए गए हैं। कई लोगों ने लीज का नवीनीकरण नहीं कराया, वहीं कुछ ने अपनी संपत्तियों को अवैध रूप से बेच दिया था।

यह भी पढ़ें…

सिंगरौली में धर्मांतरण रैकेट का भंडाफोड़; पांच गिरफ्तार, 50 लोगों के धर्म परिवर्तन का आरोप

कानूनी प्रक्रिया भी जारी
कई भूखंड मालिकों ने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। अदालत के निर्देशों के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें…

मीका सिंह ने सीएम मोहन यादव से की मुलाकात, नशा विरोधी प्रयासों की सराहना

सिंहस्थ की तैयारियों के मद्देनजर अभियान
उज्जैन में वर्ष 2028 में सिंहस्थ महापर्व का आयोजन होना है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इस विशाल आयोजन को देखते हुए प्रशासन अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने की मुहिम चला रहा है ताकि आवागमन और व्यवस्थाओं में किसी तरह की दिक्कत न आए। साथ ही, क्षिप्रा नदी के घाटों और अन्य विकास कार्यों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें…

सिंधिया परिवार का दबदबा बरकरार, अब महाआर्यमन संभालेंगे MPCA की बागडोर

Back to top button