
नर्सिंग स्टूडेंट ने किया सुसाइड का प्रयास; प्रिंसिपल पर शोषण का आरोप, ABVP की एंट्री…
UP News: प्रदेश के बहराइच जिले के मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले नर्सिंग छात्र ने आत्महत्या का प्रयास किया. छात्र को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
UP News: इस घटना के बाद गुस्साए छात्रों ने डीएम कार्यालय का घेराव कर दिया. पूरी रात छात्र धरने पर बैठे रहे. हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने चार थानों की पुलिस तैनात की है. छात्रों का आरोप है, कि नर्सिंग कॉलेज प्रिंसिपल द्वारा छात्र का शोषण किया जा रहा था, इसी वजह से उसने आत्महत्या का प्रयास किया. छात्र प्रिंसिपल को तत्काल हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक, राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में शिवम पांडे उर्फ मिंटू (19) निवासी कटरा, मॉडर्न थाना क्षेत्र, जिला श्रावस्ती का रहने वाला है. वह चिकित्सा महाविद्यालय में बीएससी नर्सिंग सेकेंड ईयर का छात्र है. वह मेडिकल कॉलेज छात्रावास में रहकर ही पढ़ाई कर रहा है.
शुक्रवार की देर शाम शिवम पांडे ने हॉस्टल के अपने कमरे में ही सुसाइड का प्रयास किया. इस दौरान उसकी चीख निकल गई. आसपास के छात्र दौड़कर उसके कमरे में पहुंचे और उसे फंदे से नीचे उतारा गया. आननफानन में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
छात्रों का प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप:
छात्रों का आरोप है कि नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल द्वारा छात्रों का शोषण किया जाता है. कोई विरोध करता है, तो उस पर मनमाने तरीके से 1000 से 5000 रुपए तक का फाइन लगा दिया जाता है. या फिर एक सप्ताह के लिए सस्पेंड कर दिया जाता है. इसी तरह की कार्रवाई शिवम के साथ हुई थी, जिसकी वजह से उसने यहां कदम उठाया है.
नाराज छात्रों ने प्रिंसिपल के निलंबन की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज के सामने सड़क जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान प्रिंसिपल द्वारा कई बार छात्रों से वार्ता करनी चाही, लेकिन विफल रहीं.
छात्रों की मांग पूरी न होता देख मौके पर एसडीएम सदर पूजा चौधरी पुलिस बल के साथ समझाने पहुंचीं, लेकिन छात्र नहीं माने. छात्रों का कहना है, कि जब तक प्रिंसिपल का निलंबन नहीं हो जाता, तब तक उनका प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा.
प्रिंसिपल का आरोपों से इनकार:
नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल ने बताया कि जिस छात्र ने खुदकुशी का प्रयास किया है, उसके द्वारा एक छात्र को धमकी दी गई थी. इसकी लिखित शिकायत मिली थी. दोनों छात्रों को बुलाकर परिजनों को बुलाने बात कही गई थी. जैसे ही उन्हें छात्र द्वारा खुदकुशी के प्रयास की सूचना मिली मौके पर पहुंचकर हाल भी जाना. जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, सभी निराधार हैं. प्रिंसिपल ने कहा कि कोई भी कॉलेज बगैर अनुशासन के नहीं चलता.
एबीवीपी भी कूदा समर्थन में:
मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग छात्रों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का भी समर्थन मिला है. एबीवीपी का कहना है, कि जब तक छात्रों की मांगे पूरी नहीं हो जातीं, तब तक यह धरना प्रदर्शन ऐसे ही जारी रहेगा. मौके पर बड़ी संख्या में एबीवीपी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
पुलिस ने अलर्ट:
एसपी सिटी रामानंद कुशवाहा ने बताया कि छात्रों द्वारा नर्सिंग प्रिंसिपल को निलंबित करने की मांग की जा रही है. हमने जांच कमेटी में एक छात्र को सदस्य बनाए जाने की बात कही. उनकी कुछ शर्तें मान ली गईं थीं. नर्सिंग प्रिंसिपल को पूरी जांच तक सभी कार्यों से मुक्त रखने की बात भी कही गई, लेकिन छात्र प्रिंसिपल को तत्काल निलंबित करने की मांग पर अड़े हैं.अभी धरना जारी है. सुरक्षा को देखते हुए पुलिस और पीएसी बल तैनात है.





