
Nainital में बड़ी कार्रवाई… अवैध दस्तावेज़ बनाने वाले 8 सीएससी सेंटर सील
Uttarakhand News: नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों की शिकायत पर मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने 8 कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया। इन केंद्रों पर बिना अनुमति संचालन, सरकारी दस्तावेजों में छेड़छाड़ और अवैध दस्तावेज तैयार करने जैसी गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चंद्र ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ सीएससी सेंटर सेवा की गुणवत्ता में लापरवाही बरत रहे हैं और कई जगहों पर अवैध दस्तावेज बनाए जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए बनभूलपुरा थाना प्रभारी सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस की पाँच टीमों का गठन किया गया और क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
यह भी पढ़ें…
छात्रों के जूनून से सब हैरान; बाढ़ में हेलीकॉप्टर से पहुंचे परीक्षा केंद्र…
जांच में खुली पोल
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 19 सीएससी केंद्रों की तलाशी ली।
- कई केंद्रों के पास संचालन की अनुमति नहीं पाई गई।
- कुछ पर अवैध तरीके से दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे।
- रजिस्टर का रखरखाव नहीं किया गया था।
- रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं की गई थी।
- सीसीटीवी कैमरे भी मौजूद नहीं थे।
इन अनियमितताओं के चलते 8 केंद्रों को सील कर दिया गया और कुछ संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए गए।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसमें मजिस्ट्रेट को भी शामिल किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें…
उत्तराखंड में भारी बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, कई जिलों में स्कूल बंद, चारधाम यात्रा भी स्थगित
पुलिस की चेतावनी
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने साफ कहा कि यदि भविष्य में सीएससी सेंटरों ने नियमों का पालन नहीं किया, तो उनके खिलाफ और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। संचालकों को चेतावनी दी गई है कि वे केवल निर्धारित मानकों के अनुसार ही कार्य करें।
गौरतलब है कि बनभूलपुरा क्षेत्र में अवैध दस्तावेज बनाने की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। पुलिस ने पूर्व में भी कई बार इस तरह की कार्रवाई की थी, लेकिन कुछ केंद्र नियमों की अनदेखी कर अब भी अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। इस बार पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सेंटरों को सील कर एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें…





