
Box Office Report: बागी 4 की रफ़्तार धीमी, ‘डीमन स्लेयर’ और ‘मिराय’ की कमाई दमदार
Box Office Report: सितंबर में ‘बागी 4’ लागत नहीं निकाल पाई, ‘दशावतार’ ने महाराष्ट्र गोवा में धूम मचाई, ‘डीमन स्लेयर’ भारत में 47.70 करोड़ और वर्ल्डवाइड 4200 करोड़ कमाए, ‘मिराय’ भारत में आगे.
Box Office Report: सितंबर का महीना बॉक्स ऑफिस के लिए काफी हलचल भरा रहा है। जहां एक ओर टाइगर श्रॉफ की एक्शन से भरपूर फिल्म ‘बागी 4’ (Baaghi 4) दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश कर रही है, वहीं मराठी सिनेमा ‘दशावतार’ (Dashavatara) लोगों के बीच अपनी खास जगह बना रही है। दूसरी ओर, ‘डीमन स्लेयर: टू द हशिरा ट्रेनिंग’ (Demon Slayer: To the Hashira Training) एनीमे फिल्म पसंद करने वालों के लिए शानदार विकल्प बनकर सामने आई है। इनके अलावा, साउथ की नई एक्शन थ्रिलर ‘मिराय’ (Mirai) ने अपने जबरदस्त ओपनिंग कलेक्शन से सभी को चौंका कर रख दिया है।
लागत नहीं निकाल पाई ‘बागी 4’ (Baaghi 4)
सबसे पहले बात करें ‘बागी 4’ की, तो टाइगर श्रॉफ की इस फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखी गई। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेडं रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बागी 4’ ने पहले हफ्ते में करीब 44.5 करोड़ रुपए का कारोबार किया, जबकि दूसरे हफ्ते की शुरुआत धीमी रही। दूसरे शनिवार को 1.75 करोड़ और रविवार को 2.15 करोड़ का मामूली उछाल आया, लेकिन सोमवार और मंगलवार को फिर गिरावट देखी गई। इसी के साथ फिल्म की 12 दिनों की कुल कमाई 51.30 करोड़ रुपए हो गई। ‘बागी 4’ का बजट करीब 80 करोड़ रुपए है, लिहाजा अभी तक ये फिल्म अपनी लागत भी नहीं निकाल पाई है।
एनीमे फिल्म ‘डीमन स्लेयर’ का अच्छा रिस्पॉन्स(Demon Slayer)
एनीमे फिल्म ‘डीमन स्लेयर’ को भारत में काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने पांचवें दिन करीब 4 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। भारत में इसकी कुल कमाई 47.70 करोड़ रुपए हो चुकी है। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर इसने अब तक 4,200 करोड़ रुपए की जबरदस्त कमाई की है, जिससे यह 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
‘मिराय’ डीमन स्लेयर’ से भी आगे (Mirai)
साउथ की एक्शन फिल्म ‘मिराय’, जिसमें तेजा सज्जा लीड रोल में हैं, भारत में ‘डीमन स्लेयर’ से आगे निकल गई है. पांचवें दिन फिल्म ने 5.75 करोड़ रुपए की कमाई की. भारत में इसका कुल कलेक्शन 56.75 करोड़ रुपए पहुंच चुका है. हालांकि, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म अब भी पीछे है. दुनियाभर से इसने केवल 80 करोड़ की कमाई की है.
मराठी फिल्म ‘दशावतार’ ने किया कमाल (Dashavatara)
मराठी फिल्म ‘दशावतार’ ने एक अलग ही तरह की राह दिखाई है। इस थ्रिलर ड्रामा को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है, खासकर महाराष्ट्र और गोवा के इलाकों में। पहले दिन में फिल्म ने धीमी शुरुआत की और 60 लाख रुपए की कमाई की, लेकिन इसके बाद फिल्म ने वीकेंड में जोरदार छलांग लगाते हुए शनिवार को 1.4 करोड़ और रविवार को 2.4 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। बाद में सोमवार को थोड़ी गिरावट के साथ कमाई 1.1 करोड़ रुपए की हुई। इसके बाद मंगलवार को फिर से अच्छी रिकवरी हुई और फिल्म ने पांचवें दिन 1.3 करोड़ रुपए की कमाई की। इस फिल्म का कुल कलेक्शन 6.8 करोड़ रुपए हो गया है, जो मराठी फिल्मों के लिए एक बेहतरीन आंकड़ा माना जा रहा है।





