
Bomb Threat: DPS समेत कई स्कूलों को मिली बम की धमकी, खाली कराया गया परिसर
Delhi School Bomb Threat: दिल्ली में स्कूलों को आए दिन धमकियां मिल रही हैं। कई महीनों से यह सिलसिला जारी है। इसी बीच, शनिवार को दिल्ली के कई स्कूलों को फिर से बम से उड़ाने की धमकी दी गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूलों को खाली कराया है।
Delhi School Bomb Threat: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. जिन स्कूलों को धमकी मिली है उनमें डीपीएस द्वारका, कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय शामिल हैं. पुलिस, डॉग स्कार्ड के साथ मौके पर पहुंच गई है. पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है. बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने सभी स्कूलों को खाली करा लिया है. पुलिस स्कूल परिसर की जांच कर रही है. साथ ही ये बता करने की भी कोशिश की जा रही है आखिर ये धमकी किसने और कहा से दी है.
स्कूलों को कराया गया खाली
एहतियातन स्कूलों को खाली करा दिया गया है और डॉग स्क्वॉड व बम स्क्वॉड सभी स्कूल परिसरोंं की जांच में जुटे हैं। वहीं एहतियातन फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन सहित कई अन्य संबंधित विभागों की टीमों को भी मौके पर बुला लिया गया है। छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। सभी स्कूल परिसरों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की आशंका को खत्म किया जा सके।
थम नहीं रही धमकियों का सिलसिला
दिल्ली के स्कूलों में बम की धमकी भरे मेल आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार कई महीनों से कुछ दिनों के अंतराल पर ऐसी खबरें आ रही हैं कि स्कूलों को मेल या फोन के माध्यम से धमकियां दी जा रही हैं. हर बार बच्चों को स्कूल कैंपस से बाहर निकाला जाता है. स्कूल बंद करवाए जाते हैं और उनकी पढ़ाई को नुकसान होता है. हर बार पुलिस की टीमें परिसर की सघन जांच करती हैं.
अभी तक गनीमत रही कि ये सभी धमकियां फर्जी निकली हैं. साइबर सेल लगातार ई-मेल ट्रैक कर धमकी भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश करती हैं. इस बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े होते हैं.





