
मैच के बाद ओमानी प्लेयर्स ने Suryakumar Yadav को घेरा, कप्तान ने BCCI से की ये डिमांड
Suryakumar Yadav: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप 2025 के 12वें मैच में ओमान को हराने के बाद इस टीम के खिलाड़ियों के साथ बातचीत की।
Suryakumar Yadav: मैच खत्म होने के बाद ओमान टीम भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से मिले। इस दौरान ओमान के खिलाड़ी सूर्या को घेरकर खड़े होकर उनकी बात सुन रहे थे। सूर्या ने ओमान के खिलाड़ियों की तारीफ की और बाद में उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान सूर्या ने बहुमूल्य सलाह और अनुभव साझा करते हुए विपक्षी टीम के खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया। ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने इस पूरी घटना के बारे में बताया।
सूर्या को घेरे खड़े हुए ओमान के खिलाड़ी
ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने पत्रकारों से कहा, “मैं बहुत आभारी हूं कि वह आए और खिलाड़ियों से बातचीत की। उन्होंने खेल, खिलाड़ियों के रवैये और टी20 क्रिकेट में कैसे खेलना चाहिए, इस पर बातें शेयर कीं। लड़के बस सवाल पूछ रहे थे, उनसे सवाल-जवाब कर रहे थे। वह टीम की बहुत तारीफ कर रहे थे।” जतिंदर सिंह ने आगे कहा, “मुझे अपनी टीम पर बहुत गर्व है, जैसा कि मैं पहले दिन से कह रहा हूं।”
भारत के खिलाफ कड़ी चुनौती दी
अबु धाबी के मैदान पर ओमान को भले ही हार मिली लेकिन उसके बल्लेबाजों ने 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल जीत लिया। ओमान ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 167 रन जोड़े। आमिर कलीम ने 64, हम्माद मिर्जा ने 51 और जतिंदर के बल्ले से 32 रन निकले। ओमान को भारत के खिलाफ 21 रन से हार का सामना करना पड़ा। लक्ष्य भले ही मुश्किल था, लेकिन टीम ने मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन के खिलाफ ओमान ने दमदार चुनौती पेश की।
बीसीसीआई से की ये अपील
पंजाब के लुधियाना में जन्मे जतिंदर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मुझे लगता है कि अगर हम भारत को अपना दूसरा घर बना सकें तो हमारे लिए बेहतर होगा। अगर हम वहां ट्रेनिंग ले सकें, एनसीए में जा सकें, अपनी स्किल, मानसिक पहलुओं और फिटनेस पर काम कर सकें, और क्लब टीमों और रणजी टीमों के साथ टी20 मैच खेलें तो मुझे लगता है कि हमें काफी मदद मिलेगी। सच्चाई यह है कि हमें टेस्ट खेलने वाले देशों के साथ खेलने का मौका नहीं मिलता।”
ये भी पढ़े-
UP पुलिस के कांस्टेबल सचिन यादव? WAC 2025 में ओलंपिक विजेता नीरज चोपड़ा से आगे…
कप्तान जतिंदर को टूर्नामेंट में ग्रुप ए के सभी मैच हारने के बावजूद अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। ओमान की टीम पहली बार एशिया कप में खेली थी।





