
लखनऊ के मेदांता अस्पताल में अब ECHS की सुविधा, पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत…
ECHS in Medanta Hospital: पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक नया कदम जुड़ गया है. मेदांता अस्पताल ने पूर्व सैनिको के बेहतर और सुगम इलाज के लिए ECHS सुविधा शुरू कर दिया है.
बता दें कि एक्स-सर्विसमैन कॉन्ट्रिब्यूटरी हेल्थ स्कीम (ECHS) में लखनऊ के मेदांता अस्पताल को शामिल किया गया है. इस अवसर पर सेना और मेदांता अस्पताल के बीच सोमवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया.
मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम में सेना की ओर से मेजर जनरल सलिल सेठ, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया ने प्रतिनिधित्व किया, जबकि मेदांता अस्पताल की ओर से मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर एवं विभिन्न विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे.
मेदांता लखनऊ क्षेत्र का सबसे बड़ा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है और इसके ईसीएचएस में शामिल होने से लगभग पांच लाख पूर्व सैनिक और उनके आश्रित लाभान्वित होंगे. यह सुविधा न सिर्फ उत्तर प्रदेश, बल्कि बिहार सहित आस-पास के राज्यों के लाभार्थियों के लिए भी उपलब्ध होगी.
उन्होंने बताया कि अब तक पूर्व सैनिकों को उच्च स्तरीय चिकित्सकीय परामर्श और उपचार के लिए दिल्ली या गुरुग्राम जाना पड़ता था. मेदांता के ईसीएचएस पैनल में शामिल होने से यह सभी सेवाएं अब लखनऊ में ही उपलब्ध होंगी.
पीआरओ शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि मेदांता अस्पताल का ईसीएचएस से जुड़ना पूर्व सैनिक समुदाय की एक लंबे समय से चली आ रही मांग का पूरा होना है. अब उनके लिए गुणवत्तापूर्ण और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं घर के पास ही मिलेंगी.
उन्होंने बताया कि अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, जॉइंट रिप्लेसमेंट, ट्रॉमा और इमरजेंसी केयर, क्रिटिकल केयर, एनेस्थीसिया, यूरोलॉजी, गाइनेकोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, पल्मोनोलॉजी, रेडियोलॉजी, लैब सर्विसेज, ब्लड बैंक, डेंटल, फिजियोथेरेपी, डायटेटिक्स और एम्बुलेंस सर्विसेज जैसी सेवाएं उपलब्ध होंगी.





