
Azam Khan की रिहाई से पहले सीतापुर में धारा 144, समर्थकों ने जेल रोड किया जाम
Azam Khan: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की रिहाई का इंतजार खत्म होने वाला है। लगभग 23 महीने से सीतापुर जेल में बंद आजम खान मंगलवार को रिहा होंगे।
Azam Khan: यूपी के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान की रिहाई आठ हजार रुपए के लिए अटक गई है। आजम खान मंगलवार यानी 23 सितम्बर की सुबह सात बजे सीतापुर जेल से रिहा होने वाले थे लेकिन चालान के आठ हजार रुपए जमा नहीं होने के चलते उनकी रिहाई अटक गई थी। अब बताया जा रहा है कि सुबह 10 बजे कोर्ट खुलने के बाद चालान जमा होगा और तब ही आजम खान जेल से बाहर आ सकेंगे। पूर्व कैबिनेट मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को रिसीव करने पहुंची 15 गाड़ियों का ट्रैफिक पुलिस से चालान भी कर दिया। ट्रैफिक नियम तोड़ने पर यह कार्रवाई की गई।
दो मुकदमों में हैं जुर्माने बाकी
कागजी कार्रवाई के दौरान नया पेंच सामने आ गया। आजम खान पर रामपुर में चल रहे एक केस में कोर्ट में जुर्माना नहीं भरा था। इसके चलते उनकी रिहाई रोक दी गई। सूत्रों के मुताबिक, आजम खान पर एक केस में दो धाराओं में 3 और 5 हजार रुपए का जुर्माना लगा था, जिसे उन्होंने जमा नहीं किया।
अब 10 बजे रामपुर कोर्ट खुलने के बाद जुर्माने की रकम जमा की जाएगी। इसके बाद वहां से फैक्स से सूचना सीतापुर जेल भेजी जाएगी, फिर उनकी रिहाई होगी। यानी, सब कुछ ठीक रहा तो दोपहर 12 से 2 के बीच आजम की रिहाई हो सकती है।
शहर में धारा 144 लागू
उनकी रिहाई से पहले सीतापुर प्रशासन ने जेल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।सीओ सिटी विनायक भोसले ने मीडिया से बातचीत में कहा, “सीतापुर शहर की सड़कें संकरी हैं और नवरात्रि के चलते पहले से ही भीड़भाड़ है। बिना वजह किसी को रुकने की इजाजत नहीं। धारा 144 के तहत कार्रवाई की जा रही है और सड़कों से भीड़ हटाई जा रही है। हमारी अपील है कि सभी लोग पुलिस का सहयोग करें।”
साथ ही, जेल रोड पर समर्थकों की भारी भीड़ के कारण जाम की स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद पुलिस ने जाम को खुलवाया। इसके साथ ही, उन्होंने रास्ते में खड़ी गाड़ियों का चालान काटा और बेवजह आने-जाने वाले लोगों को मौके से हटाया।





