लखनऊ में ऑनर किलिंग से दहशत; बहन के प्रेमी को घर बुलाकर पीट-पीटकर मार डाला…

Honor killing in Lucknow: राजधानी लखनऊ में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक भाई ने अपनी बहन के प्रेमी को शादी की बात करने के बहाने घर बुलाया और पीट-पीटकर हत्या कर दी.

Honor killing in Lucknow: मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. यह घटना सोमवार रात करीब 2 बजे लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र के हातानूर बेग मोहल्ले में हुई.

पुलिस उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पहचान लखनऊ के सहादतगंज एरिया निवासी अली अब्बास (22) के रूप में हुई है. मृतक के पिता ने तहरीर देकर बताया कि उसके बेटे अली अब्बास का आरोपी युवक की बहन से 4 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. आरोप है, कि युवती के भाई ने शादी की बात करने के बहाने उसे बुलाया और दोस्तों के साथ मिलकर पीट-पीटकर हत्या कर दी.

मृतक के पिता की तहरीर पर FIR: 

पुलिस उपायुक्त विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार की सुबह 5.40 बजे सहादतगंज थाना क्षेत्र में हत्या की सूचना मिली. इस सूचना पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जानकारी की गई. पता चला कि मृतक अली अब्बास पुत्र आरिफ जमीर, निवासी हातानूर बेग, थाना सआदतगंज लखनऊ को पड़ोस में रहने वाले हिमालय प्रजापति ने अपने घर पर बुलाया.

 

प्रेमिका के भाई और दोस्तों ने किया मर्डर: 

पुलिस के मुताबिक, वहां सोनू और सौरभ प्रजापति के साथ मिलकर अली अब्बास को लाठी-डंडे से मारा पीटा गया, जिससे अली अब्बास के सिर में चोट लगी. उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. वहां पर अली अब्बास की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक के पिता आरिफ जमीर की तहरीर पर हिमालय प्रजापति, सोनू और सौरभ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

युवकों ने बताई सच्चाई:

इस मामले में 2 हत्यारोपियों सौरभ प्रजापति (30) पुत्र हूबलाल और हिमालय प्रजापति (26) पुत्र कैलाश को पुलिस हिरासत में लिया है. पुलिस हिरासत में लिए गए अभियुक्तों ने बताया कि अली अब्बास का उनकी बहन से काफी दिनों से प्रेम-प्रंसग चल रहा था. इससे रंजिशन हम लोगों ने अली अब्बास को अपने घर पर बुलाकर मारा-पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई.

मृतक के परिजनों का आरोप: 

मृतक के परिजनों का आरोप है, कि युवती के भाई हिमालय प्रजापति ने अली को शादी की बात करने के बहाने सोमवार रात करीब 1:30 बजे मिलने के लिए बुलाया था. यहां पहले से मौजूद सोनू और सौरभ प्रजापति के साथ मिलकर अली को पहले लाठी डंडों से पीटा फिर सिर पर ईंट से कई बार किए. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. अली को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई.

अली के परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं. पिता आरिफ जमीर ई-रिक्शा चलाते हैं. मृतक के पिता आरिफ जमीर ने बताया कि अली और युवती के बीच 4 साल से प्रेम संबंध थे. कुछ समय पहले दोनों ने शादी करने की इच्छा जाहिर की थी. इसी सिलसिले में बातचीत करने के लिए अली युवती के घर गया था. लेकिन लड़की के भाई दे उसे पिट पिट कर मार डाला.

Back to top button