
फाइनल से पहले इंडिया के लिए बुरी खबर, Hardik Pandya के साथ ये स्टार हुआ इंजर्ड
Asia Cup 2025: टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने एशिया कप 2025 के खिताबी मैच से पहले हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
Asia Cup 2025: श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया सुपर-4 का अपना आखिरी मैच तो जीतने में कामयाब रही, मगर भारत की मुश्किलें तब बड़ी जब चोट के कारण हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा ने मैदान छोड़ दिया। हार्दिक पांड्या ने पहले ओवर में कुसल मेडिंस को आउट किया, इसके बाद वह मैदान के बाहर चले गए और कभी नहीं लौटे। वहीं अभिषेक शर्मा ने 10वें ओवर में मैदान के बाहर जाने का फैसला किया। दोनों खिलाड़ी हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे थे। मैच के बाद टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा की इंजरी पर अपडेट दिया है।
गेंदबाजी कोच ने दिया अपडेट
भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा की चोट पर अपडेट दिया है। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मीडिया से बात करते हुए बॉलिंग कोच ने कहा कि अभिषेक ठीक हैं और हार्दिक की शनिवार को जांच की जाएगी।
हार्दिक अपनी बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझते नजर आए। वह श्रीलंकाई पारी का पहला ओवर फेंकने के बाद वह मैदान से बाहर चले गए। अपने पहले ओवर में हार्दिक ने कुसल मेंडिस को पवेलियन भेज दिया। मेंडिस खाता तक नहीं खोल पाए। पहले ओवर के बाद बाहर गए हार्दिक फिर मैदान पर नहीं उतरे।
अभिषेक अभी ठीक हैं
मोर्ने मोर्कल ने पत्रकारों से कहा, “दोनों को मैच के दौरान ऐंठन की समस्या हुई। हार्दिक को हम आज रात और कल सुबह देखेंगे और फिर कोई फैसला लेंगे। अभिषेक ठीक हैं।” मोर्केल ने यह भी खुलासा किया कि पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के फाइनल से एक दिन पहले शनिवार को भारत का कोई ट्रेनिंग सेशन नहीं होगा। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि मैनेजमेंट चाहता है कि हर खिलाड़ी अच्छी तरह आराम करे।





