
इतिहास और भूगोल दोनों बदल देंगे…, राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी चेतावनी
Rajnath Singh on Pakistan: पाकिस्तान सीमा पर बदमाशी केवल पंजाब या जम्मू-कश्मीर में ही नहीं बल्कि एक और क्षेत्र है जहां ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उसने हमले की नाकाम कोशिश की थी. वो सर क्रीक का इलाका है. आज हथियारों की पूजा कर राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेतावनी दे दी.
Rajnath Singh on Pakistan: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विजयादशमी के अवसर पर भुज एयरबेस से पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया. भुज एयरबेस पर शस्त्र पूजा के बाद जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान ने सर क्रीक इलाके में कोई हिमाकत की तो उसे ऐसा जवाब मिलेगा कि “इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे.”
पाकिस्तान की नीयत में खोट’
एक सैन्य शिविर में जवानों को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, “आजादी के 78 साल बाद भी सर क्रीक इलाके में सीमा विवाद को हवा दी जा रही है। भारत ने बातचीत के जरिए इसे सुलझाने की कई कोशिशें की हैं, लेकिन पाकिस्तान की नीयत में खोट है, उसकी नीयत साफ नहीं है। जिस तरह से पाकिस्तानी सेना ने हाल ही में सर क्रीक से सटे इलाकों में अपने सैन्य बुनियादी ढांचे का विस्तार किया है, उससे उसकी नीयत का पता चलता है।”
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी की गुस्ताखी
रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने लेह से लेकर सर क्रीक के इस इलाके तक भारत के डिफेंस सिस्टम को भेदने की नाकाम कोशिश की। जबकि भारत की सेनाओं ने पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह से एक्सपोज कर दिया और दुनिया को यह संदेश दे दिया कि भारत की सेनाएं जब चाहें, जहां चाहें और जैसे भी चाहें पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि अपने सामर्थ्य के बाद भी हमने संयम का परिचय दिया, क्योंकि हमारी सैन्य कार्रवाई आतंकवाद के विरोध में थी। इसका विस्तार करके युद्ध छेड़ना ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य नहीं था। मुझे खुशी है कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के सभी सैन्य उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। हालाँकि, आतंकवाद के विरुद्ध हमारी लड़ाई जारी है।





