
बस्ती में रास्ता खाली कराने को लेकर विवाद, दलित परिवार पर हमला
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती में मंदिर दर्शन से लौट रहे एक दलित परिवार पर विशेष समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में गौर थाना क्षेत्र के करमा गांव के पास बकरी चराने को लेकर हुए विवाद में एक दलित परिवार पर विशेष समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया। यह घटना तब हुई जब परिवार मंदिर दर्शन कर लौट रहा था। जानकारी के अनुसार, बकरी चराने के दौरान रास्ता खाली कराने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनंदन ने मामले का संज्ञान लिया। एसपी के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं।
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। विशेष समुदाय के लोगों ने दलित परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दलित परिवार के कई सदस्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ लोगों को छुट्टी दे दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत ने बताया कि घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर पुलिस टीम भेजी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने व तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर रही है।
घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन प्रशासन का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव के लोगों को समझाया जा रहा है जिससे गांव में कोई घटना न घटे। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





