
राहुल के ‘छठ नौटंकी’ बयान पर शाह का पलटवार… कहा- इटली तक जाएगी EVM की करंट
Amit Shah Bihar Rally: बिहार विधानसभा चुनाव का तापमान बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को असरगंज (मुंगेर) पहुंचे, जहाँ उन्होंने तारापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
सभा के दौरान शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि राहुल ने देश की परंपराओं का अपमान किया है।
राहुल बाबा ने किया छठ मैया का अपमान: अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी को भारत की संस्कृति और सनातन परंपराओं की कोई समझ नहीं है। गृह मंत्री ने कहा, “बिहार, यूपी, उत्तराखंड, दिल्ली और महाराष्ट्र में छठ मैया की पूजा धूमधाम से हुई। माताओं-बहनों ने श्रद्धा के साथ व्रत रखा। दिल्ली में भी बिहार के लोगों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। लेकिन पूजा के बाद राहुल बाबा ने छठ मैया का अपमान किया।”
शाह ने तंज कसते हुए कहा, “राहुल बाबा का ननिहाल इटली में है, इसलिए उन्हें भारत के इस महापर्व का महत्व नहीं पता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जितना अपमान करोगे, उतना कमल खिलेगा।”
तारापुर को बनाएंगे विकास का कॉरिडोर
गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तारापुर के शहीद दिवस को राजकीय दर्जा दिया है और अब यह समारोह हर साल सरकारी स्तर पर मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “आप लोग सम्राट चौधरी को जिताकर पटना भेजिए, हम उन्हें बड़ा नेता बनाएंगे। एनडीए के शासन में तारापुर को विकास का कॉरिडोर बनाएंगे।”
लालू-राबड़ी राज में था आतंक, अब कानून का राज है
अमित शाह ने राजद-कांग्रेस गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि वे “नए कपड़ों में पुराना जंगलराज” लेकर आना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “लालू-राबड़ी शासन के दौरान बिहार में 11 नरसंहार हुए, अपहरण, डकैती और लूट की घटनाएं आम थीं। लेकिन नीतीश कुमार के शासन में एक भी नरसंहार नहीं हुआ। अब बिहार में कानून का राज है।”
यह भी पढ़ें…
मुजफ्फरपुर में PM Modi की रैली में उमड़ा जनसैलाब, बोले — ‘बिहार की जनता का मैं कर्जदार हूं’
मुंगेर को रामायण सर्किट से जोड़ा जाएगा
शाह ने कहा कि मुंगेर की धरती प्रभु श्रीराम और माता सीता से जुड़ी हुई है, इसलिए इसे रामायण सर्किट से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार बिहार के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें…
सिवान में ASI की गला रेतकर हत्या, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश
असरगंज की यह रैली भाजपा के लिए एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन साबित हुई। सभा स्थल पर भारी भीड़ उमड़ी और “फिर एक बार मोदी सरकार” और “जय श्रीराम” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। अमित शाह के संबोधन के दौरान कई बार लोगों ने तालियां बजाकर उनका समर्थन जताया।
अमित शाह की इस जनसभा ने साफ कर दिया कि भाजपा बिहार चुनाव में धार्मिक आस्था, विकास और सुरक्षा — तीनों मुद्दों को केंद्र में रखकर मैदान में उतर रही है। वहीं कांग्रेस और राजद पर उनके तीखे हमले से बिहार की सियासत में नया तापमान आ गया है।
यह भी पढ़ें…
महागठबंधन पर जीतन राम मांझी का प्रहार… घोषणापत्र को बताया ‘कागज का टुकड़ा’





