
लखनवी जायके का UNESCO में डंका, लजीज बिरयानी की दुनिया में मची धूम
Lucknow Creative City of Gastronomy: यूनेस्को ने लखनऊ को क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी घोषित किया है। इसी के साथ लखनऊ ने दुनिया भर के 70 रचनात्मक पाक कला शहरों में अपना स्थान बना लिया है।
Lucknow Creative City of Gastronomy: लखनऊ को उसकी समृद्ध पाककला विरासत के लिए यूनेस्को की ‘‘क्रिएटिव सिटीज’’ सूची में शामिल किया गया है। ‘यूनेस्को क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ का खिताब पाने वाला यह भारत का दूसरा शहर है, इससे पहले हैदराबाद को यह मान्यता मिली थी। लखनऊ के चाट, अवधी व्यंजन और मिठाइयों को वैश्विक मंच पर पहचान मिली है। यह सम्मान उन शहरों को दिया जाता है जो रचनात्मकता के माध्यम से सतत शहरी विकास को बढ़ावा देते हैं। यूनेस्को के इस नेटवर्क में अब 408 शहर शामिल हैं।
खानपान के जरिए संस्कृति का संवाद
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने बताया कि यूनेस्को की इस सूची में अब दुनियाभर के 70 शहर शामिल हैं। इस वर्ष आठ नए शहरों को इस नेटवर्क में स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि लखनऊ का यह चयन उसकी व्यंजन परंपरा और पाक कला धरोहर को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने वाला है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में लखनऊ में 82.74 लाख पर्यटक आए, जबकि 2025 के पहले छह महीनों में ही 70.20 लाख पर्यटक पहुँच चुके हैं। यह रुझान बताता है कि खानपान और संस्कृति, उत्तर प्रदेश में पर्यटन वृद्धि के प्रमुख आधार बन चुके हैं।
Lucknow is synonymous with a vibrant culture, at the core of which is a great culinary culture. I am glad that UNESCO has recognised this aspect of Lucknow and I call upon people from around the world to visit Lucknow and discover its uniqueness. https://t.co/30wles8VyN
— Narendra Modi (@narendramodi) November 1, 2025
शोध की बड़ी भूमिका
पर्यटन मंत्री ने बताया कि यूनेस्को को प्रस्ताव भेजने से पहले हेरिटेज आर्किटेक्ट आभा नारायण लांबा ने गहन शोध किया। उनकी टीम ने शाही रसोई से लेकर गली-मोहल्लों में लगने वाले स्टॉल तक अध्ययन किया। यूनेस्को को भेजे गए डॉजियर में रसोइयों, उस्तादों और स्थानीय परिवारों के व्यंजनों, पाककला परंपराओं और मौखिक इतिहास का पूरा ब्योरा शामिल है।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 31 अक्टूबर को उज्बेकिस्तान के समरकंद में हुई यूनेस्को की 43वीं जनरल कॉन्फ्रेंस में लखनऊ को क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी घोषित किया गया। इसमें इस बार आठ नए शहर शामिल किए गए हैं। इस लिस्ट में हैदराबाद, अल-मदीना अल-मुनव्वरा (सऊदी अरब), केलोना (कनाडा), क्यानझोउ (चीन) और जरागोजा (स्पेन) जैसे शहर पहले से शामिल हैं।





