गोरखपुर पुस्तक महोत्सव 2025 का शुभारंभ, सीएम योगी ने बच्चों से की खास अपील…

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) परिसर में आयोजित गोरखपुर पुस्तक महोत्सव 2025 का शुभारंभ किया। यह महोत्सव 1 से 9 नवंबर तक चलेगा। कार्यक्रम का आयोजन नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) और डीडीयू विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं और स्कूली विद्यार्थियों से संवाद भी किया।

स्मार्टफोन पर समय बर्बाद न करें, पुस्तकों को बनाएं साथी
मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं से अपील की कि वे स्मार्टफोन पर अनावश्यक समय व्यर्थ न करें और अपने समय का सदुपयोग पुस्तकों के अध्ययन में करें। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन पर निर्भरता युवाओं में अवसाद और विचलन बढ़ा रही है।

“प्रधानमंत्री मोदी की पुस्तक ‘एग्जाम वारियर्स’ छात्रों के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शक है, इसे हर विद्यार्थी को पढ़ना चाहिए।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छी पुस्तकें न केवल परीक्षा में मदद करती हैं बल्कि जीवन के कठिन समय में भी मार्गदर्शन देती हैं। धार्मिक, पर्यावरणीय, तकनीकी और एआई से जुड़ी पुस्तकों से हमें ज्ञान और प्रेरणा मिलती है।

पुस्तकें जीवन की सच्ची मार्गदर्शक: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति की सबसे सही मार्गदर्शक और सच्ची साथी अच्छी पुस्तकें होती हैं। उन्होंने भारत की श्रवण परंपरा और गुरु-शिष्य परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे ऋषियों ने ज्ञान को लिपिबद्ध कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की अद्भुत परंपरा विकसित की।

“पुस्तकें हमेशा नई प्रेरणा देती हैं। हमें उनसे जुड़ना चाहिए।”

पूर्वांचल के पाठकों के लिए अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पुस्तक महोत्सव अगले नौ दिनों तक चलेगा, जिसमें 200 से अधिक स्टॉल लगाई गई हैं। यह आयोजन गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को अपनी रुचि की पुस्तकें खरीदने का शानदार अवसर देगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम मोदी हमेशा कहते हैं — ‘When citizen reads, country leads’ यानी जब नागरिक पढ़ते हैं तभी देश आगे बढ़ता है।”

यह भी पढ़ें…

लखनवी जायके का UNESCO में डंका, लजीज बिरयानी की दुनिया में मची धूम

“गोरखपुर की भूमि विशेष है”
योगी ने कहा कि गोरखपुर की भूमि विशेष है क्योंकि पिछले 100 वर्षों से गीता प्रेस भारत और विश्व में सनातन धर्म की विचारधारा का प्रसार कर रहा है। उन्होंने साहित्यकार फिराक गोरखपुरी, मुंशी प्रेमचंद, प्रो. विश्वनाथ त्रिपाठी और श्रीराम दरस मिश्र का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राज्यभर में बिछ रहा पुस्तकालयों का जाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार राज्यभर में पुस्तकालयों का जाल बिछा रही है।

  • प्रदेश की 57,600 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालयों के साथ पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं।
  • 1.56 लाख प्राथमिक विद्यालयों में से 1.36 लाख का कायाकल्प कर पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई है।
    इससे बच्चों में पढ़ने की संस्कृति विकसित हो रही है।

यह भी पढ़ें…

Meerut में मुठभेड़… 50 हजार का इनामी गिरफ्तार, असलहे बरामद

आंगनबाड़ी दीदियों और बच्चों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी दीदियों को सम्मानित किया — निशा, चिंता, प्रेमलता, पुष्पा और बिंद्रावती को उन्होंने पुस्तकें भेंट कीं।
साथ ही, एनबीटी और डीडीयू की प्रतियोगिता में विजयी बच्चों — श्रीजा शरण, अभय वर्मा, रश्मिका दुबे, आदेश कुंवर सिंह, दिव्या विश्वकर्मा, शिवम कुमार गुप्ता, तोषिका चौहान, शिवांगी पांडेय, निलय कुमार, अभिषेक सिंह, देवानंद गुप्ता और आयुष किशोर — को सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें…

भोजपुरी स्टार रवि किशन को मिली जान से मारने की धमकी; बोले- “डरूंगा नहीं, झुकूंगा नहीं”

Back to top button