
UP News: दहेज में ‘THAR’ के बिना रूठा दूल्हा, शादी के मंडप में मचा कोहराम…
Saharanpur News: यूपी के सहारनपुर में शादी के दिन दूल्हे पक्ष ने थार कार की मांग की, जिसे पूरा न कर पाने पर बारात लाने से मना कर दिया। दुल्हन की खुशियां आंसुओं में बदल गईं।
Saharanpur News: शादी का मंडप सजा था, रोशनी से आंगन जगमगा रहा था। रिश्तेदारों और पड़ोसियों की भीड़ लगी थी, हर किसी के चेहरे पर खुशी थी। अचानक पता चला कि बरात नहीं आ रही है। इसके बाद चेहरों पर छाई खुशियां गम और बेचैनी में बदल गईं। दूल्हन हाथों में मेहंदी सजाए रुआंसी बैठी रह गई। पीड़ित परिवार ने थाने पर तहरीर देकर दूल्हा पक्ष पर कार्रवाई की मांग की है।
लड़की के भाई अजय कुमार ने बताया कि उसकी बहन की शादी मई 2025 में हीराहेड़ी गांव के अमनदीप से तय हुई थी। परिवार ने शादी के लिए अब तक 15 लाख रुपये खर्च किए हैं। दहेज का सामान भी 26 अक्टूबर को भेजा जा चुका है। घरवालों की तरफ से दूल्हे को बुलेट बाइक देने का भी प्लान था। परिवार ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली थी।
लड़की पक्ष करते रहे इंतजार
ऐसा बताया गया कि जब लड़के वालों को इस बात का पता चला कि लड़की के घरवाले बुलेट बाइक देने की योजना बना रहे हैं तब उन्होंने एक नई मांग रख दी। अपनी नई डिमांड में उन्होंने थार ही मांग लिया। भाई ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इससे इनकार किया तो लड़के वालों ने शादी तोड़ने और बारात न लाने की धमकी दे दी। शादी के दिन सभी को लगा कि बारात आएगी और शादी होगी। शादी वाले दिन ही लड़के वालों ने फोन करके बारात लाने से साफ मना कर दिया।
ये भी पढ़े-‘हम दुर्गा का रूप हैं, 5 मिनट में हिन्दू राष्ट्र बना देंगे…’ महिला नेता का चैलेंज
पीड़ित भाई ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस ने बताया कि तहरीर मिली है। दोनों पक्ष सोमवार को आपस में बैठकर मामला निपटाने की बात कह रहे हैं। यदि सहमति नहीं बनती तो तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े-UP News: चिकन फ्राई पर शादी में मचा तांडव, बाराती-घराती में जमकर चले लात-घूंसे





