
ICC Women ODI Rankings: स्मृति मंधाना से छिनी बादशाहत, इस खिलाड़ी ने मारी बाजी
ICC Women ODI Rankings: महिला विश्व कप की शीर्ष स्कोरर रहीं दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट आईसीसी द्वारा जारी बल्लेबाजों की वनडे रैंकिंग में नंबर वन बन गई हैं।
ICC Women ODI Rankings: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मंगलवार को महिला वनडे खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है। भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना से बादशाहत छिन गई है। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट अब नंबर-1 बल्लेबाज बन गई हैं। वोल्वार्ड्ट के खाते में फिलहाल 814 रेटिंग अंक हैं। मंधाना 811 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई। वोल्वार्ड्ट ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल (169) और भारत के विरुद्ध फाइनल में शतक ठोका था। भारतीय महिला टीम ने खिताबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली ICC ट्रॉफी जीती।
स्मृति मंधाना से छिन गई बादशाहत
वोल्वार्ड्ट ने भारत की स्मृति मंधाना से नंबर वन का ताज छीना है। लौरा वोल्वार्ड्ट के वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने में वनडे विश्व कप 2025 में उनके प्रदर्शन का बेहद अहम रोल रहा। वोल्वार्ड्ट ने दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान के साथ-साथ एक सफल बल्लेबाज की भूमिका भी निभाई। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 169 रन की पारी खेलने वाली इस खिलाड़ी ने फाइनल में भारत के लिए 101 रन की पारी खेली।
अफ्रीकी कप्तान ने 9 मैचों में 2 शतक और 3 अर्धशतक की मदद से टूर्नामेंट में सर्वाधिक 571 रन बनाए। मंधाना दूसरे नंबर पर रहीं। मंधाना ने 9 मैचों में 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाते हुए 434 रन बनाए। वह टूर्नामेंट की दूसरी शीर्ष स्कोरर रहीं।
ये भी पढ़े- BCCI Prize Money: विनिंग टीम के लिए BCCI ने खोला खजाना, महिला टीम पर पैसों की बारिश
जेमिमा रोड्रिग्स की टॉप-10 में एंट्री
मंधाना के अलावा शीर्ष 10 में भारत की जेमिमा रोड्रिग्स हैं। 9 स्थान की छलांग लगाते हुए रोड्रिग्स दसवें स्थान पर पहुंच गई हैं। इसमें सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी 127 रन की नाबाद पारी का अहम योगदान रहा। ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर तीसरे, इंग्लैंड की नेट सेवियर ब्रंट चौथे, ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी पांचवें, ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हिली छठे, न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन सातवें, ऑस्ट्रेलिया की एल्सी पेरी आठवें, और वेस्टइंडीज की हिली मैथ्यू नौवें नंबर पर हैं।
ये भी पढ़े- IND vs PAK: अब वैभव सूर्यवंशी उड़ाएंगे पाकिस्तान की धज्जियां, एशिया कप में भांजेंगे बल्ला
वहीं, ऑलराउंडर रैंकिंग में दीप्ति शर्मा चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं। दीप्ति ने टूर्नामेंट में 22 विकेट लिए और 215 रन बनाए। वनडे रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का दबदबा है। शीर्ष 10 में ऑस्ट्रेलिया की 4 बल्लेबाज हैं, दक्षिण अफ्रीका की 1, भारत की 2, इंग्लैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज की 1-1 बल्लेबाज हैं।





