
लखनऊ में विश्वकप विजेता क्रिकेटर दीप्ति शर्मा, DSP की वर्दी में योगी से मुलाकात
Deepti Sharma Met CM Yogi: वीमेन वर्ल्ड कप जीत के बाद क्रिकेटर दीप्ति शर्मा पहली बार लखनऊ पहुंचीं। वह DSP की वर्दी में थीं। उन्होंने सीएम योगी से मुलाकात कर फोटो खिंचवाई। जाते वक्त सीएम से हाथ जोड़कर नमस्ते किया।
Deepti Sharma Met CM Yogi: महिला क्रिकेट विश्वकप की विजेता टीम की सदस्य रहीं यूपी की दीप्ति शर्मा शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय पहुंचीं। साथ में उनका परिवार भी था। यहां उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्णा से मुलाकात की। कुशल खिलाड़ी कोटा के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस में उपाधीक्षक के पद पर भर्ती दीप्ति शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इससे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस के मुख्यालय में दीप्ति ने डीजीपी राजीव कृष्णा से भी भेंट की और उसके बाद मीडिया से भी मुखातिब हुईं।
योगी से हाथ जोड़कर किया नमस्ते
अपने प्रदर्शन के बाबत पूछे गए प्रश्न के बारे में दीप्ति ने कहा कि मैंने टूर्नामेंट से पहले काफी मेहनत की थी। साथ ही टीम मैनेजमेंट ने भी मुझ पर विश्वास जताया। वैसे तो मैं विश्वकप में अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन से बहुत खुश हूं, लेकिन टीम की जीत ज्यादा जरूरी थी। विश्वकप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनना भी मेरे कॅरिअर बड़ी उपलब्धि रही। इस खूबसूरत याद को हमेशा संजोकर रखना चाहूंगी।
#UPCM @myogiadityanath से आज लखनऊ में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य सुश्री दीप्ति शर्मा जी ने शिष्टाचार भेंट की।@Deepti_Sharma06 pic.twitter.com/T3yn0CiqMx
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) November 14, 2025
उन्होंने कहा कि मेरे विचार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला हमारे लिए बड़ा मुकाबला था, जहां सात बार की चैंपियन से पार पाना आसान नहीं लग रहा था। हालांकि मुकाबले से पहले हम सभी इस विश्वास के साथ उतरे थे कि यह मैच जीत सकते हैं। ठीक वैसा ही हुआ और हमने धमाकेदार जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में भी सभी खिलाड़ियों से शानदार खेल दिखाया, जिसकी बदौलत हमारी टीम पहली बार विश्व चैंपियन बनी।
सम्मान समारोह में उमड़ा उत्साह
दीप्ति शर्मा के पुलिस मुख्यालय पहुंचते ही जवानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महिला पुलिसकर्मियों ने उनसे मिलने की इच्छा जताई और दीप्ति ने खुशी-खुशी उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते हुए उनसे बातचीत की। दीप्ति की सादगी और विनम्रता ने सभी का मन मोह लिया।
दीप्ति शर्मा ने कहा-“यूपी पुलिस परिवार से मिलकर सम्मानित महसूस कर रही हूँ.समारोह के दौरान दीप्ति ने भावुक होते हुए कहा कि यूपी पुलिस मेरे लिए परिवार की तरह है। क्रिकेट जितना मुझे प्रिय है, उतनी ही जिम्मेदारी मैं एक पुलिस अधिकारी के रूप में भी महसूस करती हूँ। पुलिस मुख्यालय में इस तरह का सम्मान मेरे लिए यादगार है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी अपने प्रदर्शन और आचरण से राज्य का नाम रोशन करती रहेंगी।





