
UP News: ‘सांसद’ की कार और ‘विधायक’ का रुतबा, होटल में पकड़ा गया फर्जी नेता…
Agra News: आगरा के एक होटल से फर्जी विधायक पकड़ा गया। वह खुद को आगरा का विधायक बताकर होटल में बिना किराया दिए 18 दिन से रह रहा था। आस-पास के होटल या रेस्टोरेंट से खाना मंगाता तो उन्हें भी पेमेंट नहीं करता।
ताजनगरी आगरा के सदर बाजार के एक होटल में 18 दिन से दो लोग मुफ्त में रुके थे। उनमें से एक खुद को विधायक बताकर रौब गांठता था। होटल के कर्मचारियों को धमकाता था। उसकी गाड़ी पर सांसद लिखा हुआ था। होटल में 18 दिन तक मुफ्त में ठहरने की कोशिश की, बल्कि VIP बनकर आयोजनों में घुसने की भी धौंस दिखाई। शनिवार को सदर थाना पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह फर्जी विधायक है। होटल संचालक की तहरीर पर सदर बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। आगरा पुलिस ने दोनों को शांतिभंग में जेल भेज दिया।
VIP बताकर रेस्टोरेंट से मंगवाता था खाना
होटल संचालक के अनुसार युवक आसपास के रेस्टोरेंट और होटलों से खाना मंगाता था लेकिन कभी भुगतान नहीं करता था. जब होटल संचालक ने कई बार किराया मांगने की कोशिश की तो आरोपी उल्टा दबाव डालने लगा और बोला कि वह 1 दिसंबर तक यहीं रुकेगा. होटल मालिक को उसकी हरकतें और व्यवहार कभी-कभी संदिग्ध लगने लगे, लेकिन कार पर ‘सांसद’ लिख होने के कारण कोई सीधे सवाल करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।
रौब गांठकर करता था मुफ्तखोरी
आरोपित विनोद ने उन पर अपना रौब गांठना शुरू कर दिया। प्रतिदिन अपनी पसंद का खाना मंगाता। आस-पास के दुकानदारों से भी फ्री में सामान लेने लगा। वह जिस भी दुकान में उसका मन करता था उसी में घुस जाता और कोई न कोई सामान ले आता। सभी से यह कहता कि एक दिसंबर तक रुकना है। पार्टी के काम से आया है। जब जाएगा तब हिसाब करेगा।
एडीसीपी सिटी ने एसीपी सदर इमरान अहमद से मामले की जांच कराने को कहा। सदर थाना पुलिस जांच करने पहुंची। आरोपित से पूछा कि वह कहां का विधायक है यह सुनते ही उसने पुलिस को आड़े हाथ लिया। खरी खोटी सुनाने लगा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मौजूद युवक ने भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया।





