
IND vs SA: हिटमैन के निशाने पर शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड, होंगे नए ‘सिक्सर किंग’
IND vs SA 1st ODI: शाहिद अफरीदी ने अपने वनडे करियर में कुल 351 सिक्स लगाए थे, वहीं अब रोहित शर्मा 349 छक्कों के साथ उनका रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब हैं। रोहित और अफरीदी के बीच अब सिर्फ दो छक्कों का ही अंतर है।
IND vs SA 1st ODI: टीम इंडिया के स्टार सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे में अपना लोहा मनवाया। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में उतरेंगे, जहां उनसे पास इतिहास रचने का मौका है। रोहित अगर इस सीरीज में 3 छक्के लगाते हैं, तो वह शाहिद अफरीदी को पछाड़कर ‘सिक्सर किंग’ बन जाएंगे। रोहित शर्मा ने साल 2007 से अब तक 276 वनडे मुकाबलों में 349 छक्के लगाए हैं। इस दौरान रोहित ने 49.22 की औसत के साथ 11,370 रन बनाए। रोहित के बल्ले से 33 शतक और 59 अर्धशतक निकले हैं।
शाहिद अफरीदी का टूटेगा रिकॉर्ड!
दूसरी ओर, शाहिद अफरीदी ने 398 वनडे मुकाबलों में 351 छक्के लगाए हैं। इस पाकिस्तानी खिलाड़ी ने 23.57 की औसत के साथ 8,064 रन जुटाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 39 अर्धशतक निकले। भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से 6 दिसंबर के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेलनी है। सीरीज का पहला मैच रांची में खेला जाएगा, जिसके बाद 3 दिसंबर को रायपुर में सीरीज का दूसरा मुकाबला और तीसरा मैच विशाखापत्तनम में 6 दिसंबर को खेला जाएगा।
रोहित शर्मा होंगे ‘सिक्सर किंग’
रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की थी। इस दौरान उन्होंने पहले मैच में 8 रन, दूसरे मैच में 73 रन, जबकि तीसरे मुकाबले में 121 रन की नाबाद पारी खेली थी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। शुभमन गिल गर्दन की चोट से रिकवरी कर रहे हैं। ऐसे में वह इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। उनके स्थान पर केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी गई है।
ये भी पढ़े- वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया का फोटोशूट, रोहित शर्मा मस्ती के मूड में; नींद में ऋषभ…
बुमराह-सिराज को दिया गया आराम
स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह को इस सीरीज से आराम दिया गया है। इस टीम में ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल को भी मौका दिया गया है। रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव भी सीरीज में शामिल हैं।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की वनडे टीम : रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, केएल राहुल, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, ऋतुराज गायकवाड़, हर्षित राणा, ध्रुव जुरेल, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह।
ये भी पढ़े- IND vs SA: ‘घरेलू क्रिकेट खेलो, वरना…’, भारतीय टीम पर बरस पड़े कपिल देव





