
BJP के लिए Election ही सब है, देश कुछ नहीं है:Akhilesh Yadav
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में बदलावों को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने पर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी का पूरा ध्यान देश की सुरक्षा के बजाय केवल चुनावों पर है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि भाजपा के लिए चुनाव ही सब कुछ है, देश नहीं।
इसीलिए उन्हें देश की सीमाओं की नहीं बल्कि लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं की चिंता है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को संविधान संशोधन विधेयक में उन बदलावों को मंजूरी दे दी, जो प्रस्तावित परिसीमन (डिलिमिटेशन) और महिला आरक्षण कानून से जुड़े हैं।
इससे लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है, जिससे यह मौजूदा 543 सीटों से बढ़कर लगभग 850 सीटें हो जाएंगी। साथ ही, कई टीवी रिपोर्टों के अनुसार निचले सदन की यह बढ़ी हुई संख्या अगले 25 वर्षों तक यानी 2051 तक स्थिर (फ्रीज) रहेगी।
परिसीमन विधेयक का पूरा विवरण अभी सामने नहीं आया है लेकिन रिपोर्टों से पता चलता है कि सभी राज्यों का आनुपातिक हिस्सा बरकरार रखा जाएगा। ऐसा विपक्ष शासित राज्यों और विशेष रूप से दक्षिणी राज्यों को संतुष्ट करने के लिए किया जा रहा है क्योंकि उन्होंने बार-बार यह चिंता जताई है कि लोकसभा सीटें बढ़ने से उनके साथ ‘अन्याय’ हो सकता है। इस बीच, एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित ‘परिसीमन विधेयक 2026’ में एक ऐसा प्रावधान है जो चुनाव आयोग को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन करने की अनुमति देता है, बशर्ते वह इलाका पाकिस्तान के नियंत्रण से बाहर आ जाए।





