
स्क्रीन टाइम कम करने के लिए दिया शतरंज, 3 साल के बच्चे ने रच दिया इतिहास
Chess Player Sarvagya Singh: मध्य प्रदेश के सागर के नन्हे सर्वज्ञ सिंह कुशवाहा दुनिया के सबसे कम उम्र के FIDE रैपिड रेटेड खिलाड़ी बन गए हैं. सर्वज्ञ ने अंतरराष्ट्रीय रेटेड तीन खिलाड़ियों को हराकर 1572 की रेटिंग हासिल की.
Chess Player Sarvagya Singh: भारत के सर्वज्ञ सिंह कुशवाहा ने 3 साल, 7 महीने और 20 दिन की उम्र में शतरंज के खेल में इतिहास रच दिया है। वह सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) की आधिकारिक रेटिंग हासिल करने वाले खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने अनिश सरकार का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 3 साल, 8 महीने और 19 दिन की उम्र में यह उपलब्धि पाई थी। सर्वज्ञ मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। उनकी रैपिड रेटिंग 1,572 की है।
घर में शुरू हुआ खेल, दुनिया तक पहुंच गया
सर्वज्ञ के माता-पिता- सिद्धार्थ और श्रुति सिंह बताते हैं कि यह यात्रा बिल्कुल सादी-सी इच्छा से शुरू हुई. वे बस चाहते थे कि बच्चे का स्क्रीन टाइम कम हो, इसलिए उन्होंने शतरंज सिखाना शुरू किया. लेकिन जल्द ही उन्हें एहसास हुआ कि सर्वज्ञ मोहरों को सिर्फ चला नहीं रहा, बल्कि समझ भी रहा है.
सर्वज्ञ के पिता ने क्या कहा?
सर्वज्ञ के पिता सिद्धार्थ सिंह ने ईटीवी भारत से कहा कि उनका बेटा दुनिया का सबसे कम उम्र में रेटिंग हासिल करने वाला खिलाड़ी बना है, जो उनके परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि उनका बेटा आगे चलकर ग्रैंडमास्टर बने। सर्वज्ञ ने अपने राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित मुकाबलों में तीन रेटेड खिलाड़ियों को हराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
नर्सरी के बच्चे की अद्भुत तैयारी
यह बात और भी चकित करती है कि जिस उम्र में बच्चे नर्सरी में A-B-C सीखते हैं, सर्वज्ञ ने सिर्फ 6 महीनों की संरचित ट्रेनिंग के बाद पहला अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी को हराया. वे प्रतिदिन करीब 4 घंटे अपने पर्सनल कोच नितिन चौरसिया और नेशनल इंस्ट्रक्टर आकाश प्यासी के मार्गदर्शन में अभ्यास करते हैं.
पश्चिम बंगाल के अनीश सरकार का पिछला रिकॉर्ड (3 साल 8 महीने 19 दिन) अब सर्वज्ञ ने पीछे छोड़ दिया है. भारत का चेस ग्राफ लगातार ऊंचा जा रहा है. यह उपलब्धि साबित करती है कि देश में प्रतिभा की नई लहर और भी तेज हो चुकी है.





