खाद में गड़बड़ी पर ‘नो माफी’… कालाबाजारी पर NSA की कार्रवाई

Lucknow News: प्रदेश में रबी सीजन के बीच खाद की कालाबाजारी और नकली उर्वरक बेचने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को सख्त संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नकली या मिलावटी खाद बेचने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद जैसी आवश्यक वस्तु के साथ धोखाधड़ी सीधे तौर पर किसानों और प्रदेश की खाद्य सुरक्षा पर हमला है, इसलिए ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।

खाद को लेकर समस्या हुई तो अफसर होंगे जिम्मेदार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को चेताया कि यदि किसी भी जिले से यह शिकायत आती है कि किसान को खाद के लिए भटकना पड़ा या तय सरकारी दर से अधिक कीमत चुकानी पड़ी, तो सीधे प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि दोषी केवल दुकानदार या बिचौलिया ही नहीं, बल्कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारी भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे।

फील्ड में उतरेंगे अफसर, होगी सख्त निगरानी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि:

  • जिलाधिकारी, एडीएम और एसडीएम स्वयं खाद बिक्री केंद्रों का निरीक्षण करें
  • खाद समितियां तय समय पर खुलें और किसानों को सही जानकारी दी जाए
  • ओवररेटिंग, जबरन टैगिंग या स्टॉक छिपाने की घटनाएं बिल्कुल न हों

उन्होंने कहा कि जहां भी गड़बड़ी मिले, वहां तत्काल कार्रवाई और रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए।

खुली विजिलेंस जांच का आदेश
सीएम योगी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि खाद वितरण में किसी भी स्तर पर मिलीभगत, भ्रष्टाचार या जानबूझकर लापरवाही सामने आती है, तो उस मामले में खुली विजिलेंस जांच कराई जाएगी।
सरकार ने साफ कर दिया है कि खाद संकट पैदा करना या कृत्रिम कमी दिखाना गंभीर अपराध माना जाएगा।

यह भी पढ़ें…

UP News: बुर्का को लेकर खूनी खेल; पत्नी समेत दो बेटियों की हत्या कर दफनाया

प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक, फिर भी सतर्कता
बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि प्रदेश में यूरिया, डीएपी और एनपीके उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
अधिकारियों ने बताया कि रबी फसलों की बुवाई लगभग पूरी हो चुकी है और गेहूं की टॉप ड्रेसिंग के लिए तेजी से यूरिया का वितरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उपलब्धता के बावजूद यदि कहीं कमी की शिकायत आती है, तो वह कालाबाजारी का स्पष्ट संकेत होगी।

यह भी पढ़ें…

UP News: परिजनों ने मोबाइल देने से किया मना, फंदे से झूला छात्र…

‘किसान सरकार की पहली प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि किसान को समय पर, सही गुणवत्ता की खाद और तय दाम पर उर्वरक मिलना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खाद माफिया, जमाखोर और किसानों का शोषण करने वाले तत्वों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।

योगी सरकार के इस सख्त रुख से साफ है कि प्रदेश में खाद की कालाबाजारी और नकली उर्वरक के कारोबार पर कड़ा शिकंजा कसने की तैयारी पूरी है। NSA जैसी कठोर कार्रवाई की चेतावनी ने न सिर्फ खाद माफिया, बल्कि लापरवाह अधिकारियों तक को साफ संदेश दे दिया है कि किसानों के साथ अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह भी पढ़ें…

CM Yogi एक्शन मोड में… अहम बैठक में मंत्रियों-अधिकारियों को 15 मिनट पहले पहुंचने का आदेश

Back to top button