
IND W vs SL W: Smriti Mandhana ने रचा इतिहास, T20I में ऐसा करने वाली बनीं पहली भारतीय
Smriti Mandhana Record: स्मृति मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 में 25 रनों की छोटी पारी खेली, मगर इस पारी के दम पर उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो आज तक भारतीय वुमेंस क्रिकेट में कोई नहीं कर पाया।
Smriti Mandhana Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप 2025 जीतने के बाद अपना पहला मुकाबला टी20 इंटरनेशनल में श्रीलंका के खिलाफ खेला। इस मैच में टीम इंडिया ने 8 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। जेमिमा रोड्रिग्स को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 44 गेंद पर नाबाद 69 रन की पारी खेली। शादी टूटने के बाद अब मंधाना का सारा फोकस क्रिकेट पर है। बाएं हाथ की इस स्टार ओपनर ने T20 इंटरनेशनल में इतिहास रच दिया।
स्मृति मंधाना का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
मैच से पहले स्मृति मंधाना T20I में 4000 रन पूरे करने से महज 18 रन दूर थीं। उन्होंने पांचवें ओवर में अपने चिर-परिचित कवर ड्राइव के जरिए चौका जड़ते हुए यह ऐतिहासिक रन पूरा किया। 29 वर्षीय स्मृति अब महिला T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (4716 रन) हैं। माना जा रहा है कि मौजूदा फॉर्म और फिटनेस को देखते हुए स्मृति आने वाले समय में यह विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकती हैं।
महिला T20I में सबसे ज्यादा रन (टॉप-5):
सूजी बेट्स – 4716
स्मृति मंधाना – 4000*
हरमनप्रीत कौर – 3654
चामरी अथापथ्थु – 3473
सोफी डिवाइन – 3431
साल 2013 में डेब्यू करने वाली स्मृति मंधाना अब तक 154 टी20 मैच खेल चुकी हैं। क्रिकेट जानकारों का मानना है कि मंधाना आने वाले समय में भारत की कप्तान बनेंगी और वह 250 टी20 मैच खेलने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी भी बन सकती हैं। 2025 का वनडे विश्व कप जीतने के बाद अब भारतीय टीम की नजरें 2026 में इंग्लैंड में होने वाले टी20 विश्व कप पर टिकी हैं।





