ICC ने ठुकराई बांग्लादेश की मांग, T20 World Cup के लिए आना होगा भारत…

Bangladesh T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में वेन्यू बदलने की बांग्लादेश की मांग को आईसीसी ने ठुकरा दिया है. आईसीसी ने साफतौर पर कहा कि बांग्लादेश को वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत आना ही होगा.

Bangladesh T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेन्यू बदलने की बांग्लादेश की मांग को आईसीसी (ICC) ने खारिज कर दिया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग रखी थी, लेकिन आईसीसी ने साफतौर पर कहा है कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट खेलने के लिए भारत ही आना होगा। अगर उसने ऐसा नहीं किया तो उसके फिर अंक कटेंगे।

‘भारत सरकार देगी राष्ट्र प्रमुख जैसी सुरक्षा’

सैय्यद अशरफुल हक बीसीबी के पूर्व महासचिव रहने के साथ ही एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के भी सीईओ रह चुके हैं। उन्होंने बांग्लादेशी न्यूजपेपर डेली स्टार से कहा,’इस मामले में मुझे यकीन है कि भारत सरकार बांग्लादेश (टीम) के लिए राष्ट्र प्रमुख जैसी सुरक्षा उपलब्ध कराने की बात कहेगी। तब गेंद फिर से हमारे पाले में होगी। तब हमें यह निर्णय लेना होगा कि हमें टूर करना है या नहीं।’

‘नहीं बदलेगा वेन्यू’, ICC ने ठुकराई बांग्लादेश की मांग

दरअसल, ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को आईसीसी और बीसीबी के अधिकारियों के बीच एक वर्चुअल मीटिंग हुई। इस बैठक में आईसीसी ने स्पष्ट कर दिया कि मैचों के वेन्यू में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

क्या है बांग्लादेश और भारत के बीच विवाद

बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ बर्बर हिंसा चल रही है। भारत में इसे लेकर बांग्लादेश का विरोध हो रहा है। इस विरोध का निशाना बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान बने हैं, जिन्हें IPL 2026 के लिए KKR ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। रहमान को आईपीएल से बाहर करने की उग्र मांग होने के बाद बीसीसीआई ने उन्हें रिलीज कर दिया है। इस पर बांग्लादेश सरकार नाराज हो गई है और उसके निर्देश पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग रखी है।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इसके लिए भारत में अपने देश के खिलाफ बने माहौल के चलते खिलाड़ियों के सुरक्षित नहीं होने का मुद्दा उठाया है। हालांकि आईसीसी ने बुधवार को बांग्लादेश की यह मांग खारिज कर दी है। यह विवाद इतना बढ़ चुका है कि बांग्लादेश सरकार ने आईपीएल 2026 का टेलिकास्ट भी अपने देश में बैन कर दिया है।

Back to top button