
दुखी को सहारा, बीमार को इलाज… जनता दर्शन में दिखी सीएम योगी की संवेदनशीलता
Gorakhpur Janta Darshan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हर व्यक्ति की समस्या का समाधान करना सरकार का संकल्प है” और इसके लिए प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और निष्पक्षता के साथ कार्य करना होगा।
खुद फरियादियों तक पहुंचे मुख्यमंत्री, ध्यान से सुनीं शिकायतें
गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुर्सियों पर बैठे फरियादियों तक स्वयं पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से साफ कहा कि किसी भी फरियादी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पैसे के अभाव में नहीं रुकेगा इलाज
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंचे, जिन्होंने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट तत्काल तैयार कराया जाए और इस्टीमेट मिलते ही सरकार द्वारा तुरंत धन उपलब्ध कराया जाए, ताकि इलाज में किसी प्रकार की देरी न हो।
भू माफिया और दबंगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
राजस्व और भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीन कब्जाने वाले भू माफिया, दबंगों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना, गोसेवा और गोवंश को गुड़
गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। गुरुवार सुबह उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोसेवा की और गायों व गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाया।
यह भी पढ़ें…
दिवंगत पत्रकार विवेक अस्थाना के परिवार से मिलें CM Yogi, सौंपा आर्थिक सहायता चेक
बच्चों को दिया स्नेह… जनता को भरोसा
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ आए बच्चों से मुलाकात की, उन्हें प्यार-दुलार, आशीर्वाद और चॉकलेट दी। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार हर पीड़ित, हर जरूरतमंद और हर फरियादी की समस्या के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
यह भी पढ़ें…
MLC के फर्जी लेटर से अफसर को फंसाने की साजिश; पुलिस खंगाल रही काला नेटवर्क
जनता दर्शन बना भरोसे का मंच
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन कार्यक्रम एक बार फिर यह संदेश देता नजर आया कि सरकार सीधे जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहती है। प्रशासनिक अधिकारियों को मिले स्पष्ट निर्देशों से उम्मीद की जा रही है कि फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण तय समय में और प्रभावी ढंग से होगा।
यह भी पढ़ें…





