नशे के नेटवर्क पर बड़ा वार… पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से 221 किलो गांजा जब्त

UP News: नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) लखनऊ जोनल यूनिट ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर महुआ टोल प्लाजा के पास एक फोर्स ट्रैवलर वाहन को रोककर 221 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में हिमाचल प्रदेश के रहने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
NCB अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा बिहार से लाकर उत्तर प्रदेश के रास्ते अन्य राज्यों में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर लखनऊ जोनल यूनिट ने टीम गठित कर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान सुल्तानपुर जनपद के अंतर्गत महुआ टोल प्लाजा के पास एक संदिग्ध फोर्स ट्रैवलर को रोका गया।

वाहन की तलाशी में निकला भारी खेप
जब NCB टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें बेहद चालाकी से छिपाकर रखे गए गांजे के कई पैकेट बरामद हुए। कुल वजन 221 किलोग्राम पाया गया। मौके से वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और यह गांजा बिहार से लाया गया था।

यह भी पढ़ें…

KGMU में हिंसा और हंगामे के बाद CM Yogi ने अपर्णा यादव को तलब किया

अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का शक
NCB अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। गांजे की यह खेप उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में सप्लाई की जानी थी। आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लायर और डिस्ट्रीब्यूटर तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही फोर्स ट्रैवलर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। NCB यह भी जांच कर रही है कि गांजे की पैकिंग, ट्रांसपोर्ट और फंडिंग में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें…

लंदन में रहकर यूपी से सैलरी-पेंशन… शमशुल हुदा कनेक्शन पर दो मदरसों पर गाज

NCB का सख्त संदेश
NCB लखनऊ जोनल यूनिट के अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

NCB की इस बड़ी कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं एजेंसी को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से एक बड़े नशा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।

यह भी पढ़ें…

हिजाब-घूंघट में आने वालों से व्यापार नहीं, झांसी व अमेठी के बाद लखनऊ के ज्वैलर्स का फैसला

Back to top button