
UP में अब कर्फ्यू और न दंगा, यहां तो सब चंगा…,राष्ट्रीय युवा दिवस पर बोले CM योगी
CM Yogi Adityanath: स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लिया।
CM Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना को वैश्विक मंच पर परिचित कराने में बड़ी भूमिका का निर्वहन किया था। उन्होंने भारत व भारतीयता को नई पहचान दिलाई। स्वामी विवेकानंद की प्रेरणा आगे बढ़ने के साथ ही हर परिस्थिति में हमारा मार्गदर्शन करती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ के संकल्प के साथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सोमवार को ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर आयोजित कार्यक्रम में उक्त विचार प्रकट किए।
विवेकानंद के आदर्शों को अपनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की यात्रा नरेंद्र से युग प्रवर्तक तक की प्रेरणादायी यात्रा है. उन्होंने गर्व से कहा था कि “मैं हिंदू हूं”. मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाएं और मानवता के कल्याण के मार्ग पर चलें. मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार की युवा-केंद्रित उपलब्धियों का बखान करते हुए बताया कि राज्य में अब कोई सिफारिश नहीं चलती. सीएम ने कहा, “हमने 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है. अब युवाओं के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता. अब कर्फ्यू नहीं, अब दंगा नहीं, अब यूपी में सब चंगा है. निवेश आ रहा है और पर्यटन भी तेजी से बढ़ रहा है.
‘उठो-जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको’
उन्होंने नरेंद्र से लेकर स्वामी विवेकानंद तक की उनकी यात्रा को साधक से युग प्रवर्तक की यात्रा बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने ‘उठो-जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको’ को जीवन का मंत्र बनाया था। उनका संदेश था कि जब तक लक्ष्य पर एकाग्रता, संकल्प पर दृढ़ता व कर्म में निरंतरता नहीं होगी, तब तक सफलता प्राप्त नहीं हो सकती। इस भाव को आत्मसात करने वाले को सफल होने से कोई रोक नहीं सकता।
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी ने आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में भारत और भारतीयता को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने वाले युवा संन्यासी स्वामी विवेकानंद जी की पावन जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय युवा सम्मान एवं युवा सशक्तीकरण कार्यक्रम में सहभाग… pic.twitter.com/K8Sep2QVGA
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) January 12, 2026
सीएम ने युवाओं से कहा कि इच्छाशक्ति और संकल्प हो तो बदलाव के वाहक बन सकते हैं। लीक से हटकर चलने की प्रेरणा हमें आगे बढ़ाती है। मुख्यमंत्री ने यहां प्रदर्शनी व लघु फिल्म का अवलोकन किया। उन्होंने 10 युवाओं, तीन युवक मंगल दल व तीन महिला मंगल दल को स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड प्रदान किया। सीएम ने राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज को गढ़ने वाली जीजाबाई मां साहिब की पावन जयंती पर उन्हें नमन किया।
ये भी पढ़े- CM Yogi: राशन चोरी से इंसेफेलाइटिस खात्मे तक, CM योगी ने गिनाए AI के फायदे
चंद लोग भारत को लूट रहे थे-सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि सुप्त चेतना के कारण जो भारत आत्मबोध लगभग खो चुका था, स्वामी विवेकानंद उस भारत का प्रतिनिधित्व करते थे। उस समय मुठ्ठी भर विदेशी आक्रांता भारत को गुलाम बनाने में सफल हो गए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चंद लोग भारत को लूट रहे थे। यहां की सभ्यता, संस्कृति और परंपरा को अपमानित किया जा रहा था। उस कालखंड में सुप्त चेतना को जागृत करने व भारत को भारतीयता के आत्मबोध से जागरूक करने के लिए युवा संन्यासी स्वामी विवेकानंद ने महती भूमिका का निर्वहन किया था।
सीएम योगी ने कहा कि शिकागो की धर्मसभा में स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि मैं भारत की उस परंपरा से आया हूं, जिसने सदैव मानव कल्याण का मार्ग दिखाया है। हमारे पास बुद्धि, वैभव व बल था, लेकिन हमने जबरन अपनी बात नहीं थोपी, क्योंकि जब भी पीड़ित मानवता भारत की तरफ आई है तो भारत ने उसे शरण, संरक्षण व संवर्धन दिया है। मुझे गर्व है कि मैं हिंदू हूं।
ये भी पढ़े- स्वास्थ्य सेवाओं में AI की नई क्रांति, लखनऊ में यूपी AI एवं स्वास्थ्य नवाचार सम्मेलन





