Border 2: जावेद अख्तर ने रिजेक्ट की थी ‘बॉर्डर 2’, पुराने गाने को लेकर मेकर्स को लताड़ा

Javed Akhtar on Border 2 Songs: जावेद अख्तर ने खुलासा किया कि उन्होंने ‘बॉर्डर 2‘ के लिए गाने लिखने से मना कर दिया। उन्होंने पुराने गानों को रीवर्क करने के ट्रेंड की आलोचना की और इसे क्रिएटिव दिवालियापन बताया।

Javed Akhtar on Border 2 Songs: फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के जितने भी गाने आए हैं, उसको सुनने के बाद लोग दो हिस्सों में बंट गए हैं। कुछ को वो पसंद आए और कुछ ने उनकी तुलना पहली फिल्म के गानों से करनी शुरू कर दी। फैंस को इस बार के सॉन्ग्स में वो बात नहीं महसूस हुई, जो पहले हुई थी। जिस कारण लोगों ने सोशल मीडिया पर अनु मलिक और जावेद अख्तर की डिमांड की थी कि मेकर्स उनसे गाना लिखवाएं। अब गीतकार ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने फिल्म के लिए गाना लिखने से खुद ही मना कर दिया था।

क्या बोले जावेद अख्तर?

जावेद अख्तर ने इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कहा, “मेकर्स आए थे मेरे पास, ‘बॉर्डर 2’ के लिए, लेकिन मैंने मना कर दिया। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके पास एक पुराना गाना है, जो पहले से ही हिट है और वो उसमें थोड़ा-सा बदलाव करके उसे फिर से रिलीज करना चाहते हैं। ये कोई बात हुई? नए गाने बनाओ या फिर मान लो कि आप उस लेवल का काम नहीं कर सकते।”

जावेद अख्तर का फूटा गुस्सा

जावेद अख्तर ने आगे कहा, “जो बीत गया, उसे वैसा ही रहने दो। उसे रीक्रिएट करने की क्या जरूरत है? जब हम ‘बॉर्डर 1’ (1997) के लिए गाने लिख रहे थे तब हमारे सामने भी एक फिल्म थी, हकीकत (1964) और उसके गाने मामूली नहीं थे। चाहे वह ‘कर चले हम फिदा’ हो या ‘मैं यह सोचकर उसके दर से उठा था’। वे बहुत शानदार गाने थे। लेकिन हमने उनका इस्तेमाल नहीं किया। हमने नए गाने लिखे, हमने बिल्कुल अलग गाने बनाए और लोगों को वे पसंद भी आए। आप फिर से फिल्म बना रहे हैं, तो नए गाने बनाओ। आप अतीत पर क्यों निर्भर हैं? इसका मतलब ही यही है कि आपने मान लिया है कि हम नहीं कर सकते। हम पिछली शान के साथ जिएंगे।”

‘बॉर्डर 2’ की स्टार कास्ट

अनुराग सिंह के निर्देशन में बन रही इस आइकॉनिक फिल्म में सनी देओल की वापसी हो रही है। उनके साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी, दुश्मनों से लड़ते नजर आएंगे। यह फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध से प्रेरित है।

ये भी पढ़ेSikandar को लेकर रश्मिका मंदाना का बड़ा खुलासा, कहा- मुझे अलग स्क्रिप्ट…

Back to top button