
गोंडा में दर्दनाक हादसा… लड़कियों को बचाने में पलटी बाइक, दो युवकों की मौत
UP News: उत्तरप्रदेश के गोंडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो नाबालिग युवतियां घायल हो गईं। यह हादसा करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत करनैलगंज–हुजूरपुर मार्ग पर बैकुंठनाथ महाविद्यालय के पास देर शाम हुआ। घटना के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लड़कियों को बचाने में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर करनैलगंज बाजार से अपने गांव बरबटपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार कर रही दो युवतियों को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर ही तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान फरमान (22 वर्ष) और आलम (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें…
GYM की आड़ में यौन शोषण और धर्म परिवर्तन का खेल; पुलिस का एक्शन…
दो युवतियां भी घायल
इस दुर्घटना में सड़क पार कर रही मुस्कान (18 वर्ष) और हर्षवि (17 वर्ष) भी घायल हो गईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही करनैलगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें…
‘न्याय नहीं मिला’… वाराणसी छात्रा मौत मामले में तेज प्रताप ने केंद्र और राज्यों को घेरा
पुलिस का बयान
करनैलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे और सड़क पार कर रही दो लड़कियों को बचाने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घायल युवतियों की हालत सामान्य है और मामले की विधिक जांच की जा रही है।
इलाके में शोक का माहौल
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए सड़क पर यातायात व्यवस्था और सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। पुलिस द्वारा मौके पर पर्याप्त बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
यह भी पढ़ें…





