
UP News: शाहजहांपुर में रिश्ते हुए शर्मसार, मामी के प्रेम में भांजा बना हत्यारा…
UP Crime News: शाहजहांपुर जिले से रिश्तों की मर्यादा को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी ही मामी से कथित प्रेम संबंध के चलते मामा की गला रेतकर हत्या कर दी।
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक भांजे का अपने ही मामी से प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार रात की है। सीतापुर जिले का रहने वाला 22 वर्षीय युवक आदेश, अपने दो साथियों के साथ शाहजहांपुर के भाटीपुरा चंदू गांव पहुंचा था। आरोप है कि आदेश ने अपने मामा बलराम (30) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले पर किए गए घातक वार के कारण बलराम की मौके पर ही मौत हो गई। इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
कमरे में मौजूद थे पत्नी और पांच साल का बेटा
हैरान करने वाली बात यह है कि जिस समय यह हत्या की गई, उस वक्त बलराम की पत्नी और उनका पांच वर्षीय बेटा उसी कमरे में सो रहे थे। इसके बावजूद आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
गुरुवार सुबह बलराम के भाई ने चारपाई पर उनका शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह?
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आदेश का बलराम की पत्नी के साथ कथित प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर आरोपी और मृतक के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या हत्या की साजिश में बलराम की पत्नी की कोई भूमिका रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़े- लखनऊ में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट… युवक गंभीर रूप से झुलसा
आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें
एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी आदेश और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। यह घटना न सिर्फ एक जघन्य अपराध है, बल्कि समाज में रिश्तों की मर्यादा और नैतिक मूल्यों पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
ये भी पढ़े- IAS बेटे ने की मारपीट और गाली-गलौज? मां के आरोपों को अभय सिंह ने किया खारिज





