
फायरिंग और धमकी केस में पुलिस का शिकंजा… मुख्य आरोपियों के नेटवर्क का खुलासा
Lucknow Crime News: लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में हुए जानलेवा फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद यासिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शुक्रवार को नंदपुर चिनहट स्थित ब्राइट व्हील टूरिस्ट के पास से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना चिनहट में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 1 अक्टूबर 2025 का है, जब गोमतीनगर निवासी शैलेंद्र वर्मा ने चिनहट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर असलहों से फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस मामले में पुलिस पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
- 2 अक्टूबर 2025 को नामजद आरोपी सत्यम और उत्कर्ष मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
- आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल सफेद स्कॉर्पियो (UP-53 CY 6444) बरामद हुई थी।
- 7 अक्टूबर 2025 को इनामी आरोपी अभय प्रताप सिंह उर्फ अभय माफिया को भी गिरफ्तार किया गया था।
यह भी पढ़ें…
‘बंदरिया’ कहने पर बिखर गया रिश्ता? लखनऊ में मॉडल पत्नी की आत्महत्या से हड़कंप
पूछताछ में क्या बोला आरोपी
पुलिस पूछताछ में मोहम्मद यासिर ने बताया कि घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी उसने किराए पर ली थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अन्य आरोपियों के साथ मौके पर मौजूद था और फायरिंग अभय सिंह ने अपनी पिस्तौल से की थी।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद यासिर (30 वर्ष) इंदिरा नगर क्षेत्र के एहसान नगर स्थित एक अपार्टमेंट का निवासी है। उसका मूल निवास बलिया जिले के बेल्थरा रोड क्षेत्र में बताया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें…
जिस रेप केस में चला था बुलडोजर उसमें सपा नेता बरी, UP सरकार पर बरसे अखिलेश
जांच जारी, पुलिस का फोकस नेटवर्क तोड़ने पर
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। हाल के समय में लखनऊ पुलिस अपराध और संगठित नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विकास कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक सुमित कुमार और हेड कांस्टेबल सुजार सिंह शामिल रहे।
यह भी पढ़ें…





