
UP News: यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, टॉयलेट के लिए रुके यात्रियों को टैंकर ने कुचला
Mathura Yamuna Expressway Accident: मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार टैंकर ने बस से नीचे उतरे यात्रियों को कुचल दिया जिसमे 6 लोगों की मौत हो गई है।
Mathura Yamuna Expressway Accident: मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर आज शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। पुलिस के अनुसार, बस दिल्ली से कानपुर देहात जा रही थी. रास्ते में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 88 के पास कुछ देर के लिए रुकी. बस रुकने के बाद उसमें सवार कुछ यात्री नीचे उतरकर टॉयलेट के लिए गए थे. इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.
यात्री लघुशंका के लिए नीचे उतरे थे
अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वालों में चार लोग एक ही परिवार के थे. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. घायल व्यक्ति की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है. बस में सवार यात्री लघुशंका के लिए नीचे उतरे थे, तभी तेज रफ्तार में आ रहे टैंकर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया.
एक ही परिवार के चार लोगों की गई जान
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया. अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ है. पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है. मृतकों में एक ही परिवार के 4 सदस्य शामिल थे।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रशासन ने कहा है कि घायल का इलाज कराया जा रहा है और मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.





