
UP News: नाबालिग लड़की को किया किडनैप, IVF सेंटर में ले जाकर निकलवाए एग
Prayagraj Ova Extraction Racket: प्रयागराज में एक नाबालिग लड़की को किडनैप कर अंडाणु निकलवाने का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है.
Prayagraj Ova Extraction Racket: यूपी के प्रयागराज के फाफामऊ इलाके की 15 वर्षीय लड़की का IVF सेंटर में अंडाणु निकालने (ओवा एक्सट्रैक्शन) की पुष्टि हो गई है। सेंटर की महिला एजेंट के साथ मिलकर आरोपियों ने लड़की को रुपये का प्रलोभन देकर उसका फर्जी आधार कार्ड और विवाहिता होने का हलफनामा देकर गैरकानूनी ढंग से अंडाणु निकालने की प्रक्रिया कराई गई। पुलिस ने लड़की की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चार महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। जांच में बड़े खुलासे की आशंका है।
जबरन कराया गया ओवा एक्सट्रैक्शन
डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत के मुताबिक फाफामऊ थाने में अनीता गौतम पत्नी लव कुश गौतम ने तहरीर दी थी. जिसमें उसने करेली निवासी पलक हेला और उसकी मां रिंकी हेला पर अपनी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी का अपहरण कर जबरन बहला फुसलाकर इंदिरा आईवीएफ सेंटर में अवैध रूप से ओवा एक्सट्रैक्शन कराने का आरोप लगाया था. इस तहरीर के आधार पर फाफामऊ थाने में शुक्रवार 6 फरवरी को पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
शादियों में वेट्रेस का काम करती है लड़की
पुलिस जांच में पता चला है कि पीड़िता की मां ने 3 फरवरी को उसे वन स्टाप सेंटर में दाखिल कराया था। वहां पीड़िता ने चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष बयान दर्ज कराया था। लड़की ने बताया कि उसने पलक के साथ इंदिरा आईवीएफ में जाकर अंडाणु निकलवाया था। लड़की पलक हेला के साथ शादी समारोहों में वेट्रेस के रूप में काम करती थी।
पैसे का लालच देकर आईवीएफ डोनर बनाया
पलक और उसकी मां रिंकी ने नाबालिग पीड़िता को पैसे का लालच देकर आईवीएफ डोनर के लिए तैयार किया था। इसके बाद उसे बहला फुसलाकर सीमा भारतीया के पास ले गईं। सीमा भारतीया के बेटे हिमांशु भारतीया ने लड़की का फर्जी आधार कार्ड तैयार किया। इसमें लड़की को विवाहित और बालिग दिखाया गया था।
इसके बाद सीमा भारतीया लड़की को इंदिरा आईवीएफ की रजिस्टर्ड एजेंट कल्पना भारतीया के पास ले गई। कल्पना ने पीड़िता का कंसेंट एफीडेविट तैयार करवाया। इसके बाद 20 जनवरी 2026 को इंदिरा आईवीएफ में फर्जी कागजात के आधार पर ओवा एक्सट्रैक्शन कराया गया।
पुलिस ने इन लोगों को किया गिरफ्तार
फाफामऊ थाना पुलिस ने पलक हेला, उसकी मां रिंकी हेला, सीमा भारतीया, उसके बेटे हिमांशु भारतीया और कल्पना भारतीया को हिरासत में लिया है। पुलिस इस गिरोह में शामिल अन्य सहयोगियों के बारे में भी पता लगा रही है।





