
रणवीर सिंह-रोहित शेट्टी को फिर मिली धमकी, लॉरेंस गैंग ने जिम्मेदारी ली
Ranveer Singh: रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी दी है। गैंग ने कहा है कि वे उनके कर्मचारियों को जान से मार देंगे।
Ranveer Singh: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और फिल्ममेकर रोहित शेट्टी को एक बार फिर धमकी मिली है। लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के नाम से यह धमकी दी गई है। इससे पहले रोहित शेट्टी के घर पर हुई पांच राउंड फायरिंग की घटना के बाद 10 फरवरी को रणवीर सिंह को पहली धमकी मिली थी। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को लेकर दोनों को दोबारा धमकाया गया है। कथित धमकी संदेश में रणवीर सिंह का नाम लेते हुए कहा गया कि उन्होंने ही रोहित शेट्टी को शिकायत करने की सलाह दी थी।
‘तुम्हारे स्टाफ को मार देंगे…’
हैरी बॉक्सर ने 10 फरवरी को धमकी वाला पहला वॉयस नोट भेजा। यह नोट रणवीर सिंह के मैनेजर के पास आया, जिसमें 1 करोड़ रुपये की डिमांड की गई। हैरी बॉक्सर ने धमकी देते हुए कहा कि अगर उसे पैसे नहीं दिए गए तो वह रणवीर सिंह के पूरे स्टाफ को खत्म कर देगा। गैंगस्टर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए VPN का सहारा लिया। हालांकि, बाद में पुलिस के सूत्रों ने बताया कि यह आवाज हैरी बॉक्सर की है।
कपिल शर्मा को भी दी थी धमकी
पिछले साल अगस्त महीने में कॉमेडी किंग कपिल शर्मा के कनाडा में स्थित कैफे पर फायरिंग हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। तब भीहैरी बॉक्सर का एक ऑडियो सामने आया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर सनसनी मच गई थी।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी
हैरी बॉक्सर ने एक बार फिर से रोहित शेट्टी को धमकी दी है। बता दें कि कुछ दिनों पहले ही फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी हुई थी। इस घटना के संबंध में पांच लोगों- अमन मारोटे (27), आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18) और स्वप्निल सकत (23) को गिरफ्तार किया गया था। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर को वांछित आरोपी के रूप में नामित किया गया था।
इंडस्ट्री के लोगों को लगातार गैंगस्टर्स की तरफ से मिल रही धमकियों ने तनाव पैदा किया हुआ है. सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा भी उनकी चपेट में आ गए हैं. इससे पहले कपिल शर्मा के कैप्स कैफे पर अटैक किया गया था. दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर और एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई.





