
T20I रैंकिंग में भूकंप, सैमसन की लंबी छलांग; वरुण से छिना नंबर-1 का ताज
ICC Men’s T20I Player Rankings: वरुण चक्रवर्ती अब टी20 रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज नहीं रहे। संजू सैमसन और ईशान किशन को बल्लेबाजों की सूची में फायदा हुआ है।
ICC Men’s T20I Player Rankings: भारतीय टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतकर घर पर इतिहास रचा। फाइनल मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर वर्ल्ड चैंपियन का टैग अपने नाम किया। ICC ने ताजा रैंकिंग जारी की, जिसमें कई भारतीय स्टार बैटर्स ने लंबी छलांग लगाई। टी20आई बैटिंग रैंकिंग में अभिषेक शर्मा नंबर -1 पर काबिज हैं, जबकि टी20आई गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 पर वरुण चक्रवर्ती की बादशाहत खत्म हो गई। साथ ही भारत के लिए टॉप स्कोरर रहे संजू सैमसन और ईशान किशन को भी तगड़ा फायदा मिला है।
सैमसन की बैटर्स लिस्ट में लंबी छलांग
वहीं, टी20 वर्ल्ड कप में गरदा उड़ाने वाले संजू सैमसन ने बल्लेबाजों की सूची में 18 स्थान की लंबी छलांग लगाई है। वह अब 22 नंबर पर आ गए हैं। उनके 637 अंक हैं। सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए थे। उन्होंने पांच मैचों में 199.37 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए, जो भारत की ओर से सर्वाधिक हैं। उन्होंने खिताबी मुकाबले में 89 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने 255/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
टॉप-2 में पहुंचे ईशान
ईशान किशन (871) टॉप-2 में पहुंच गए हैं। उन्होंने दो स्थान का लाभ मिला। ईशान ने टूर्नामेंट में 9 मुकाबलों में 317 रन बटोरे, जिसमें 193.29 का स्ट्राइक रेट रहा। उन्होंने फाइनल में अर्धशतक ठोका था। युवा ओपनर अभिषेक शर्मा शीर्ष पर बरकरार हैं। उनके खाते में 875 अंक हैं। टूर्नामेंट में खराब फॉर्म से जूझने वाले अभिषेक ने खिताबी मुकाबले में फिफ्टी जमाई थी।
ये भी पढ़े- Shivam Dube: थर्ड AC से मुंबई पहुंचा टीम इंडिया का स्टार, ट्रेन में छुपकर किया सफर
वरुण से छिना नंबर-1 का ताज
आईसीसी टी20आई बॉलर्स रैंकिंग में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को नंबर-1 की पोजिशन गंवानी पड़ी है। अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने नंबर-1 का स्थान हासिल कर लिया है। चक्रवर्ती को एक स्थान का घाटा हुआ, जबकि राशिद को फायदा हुआ, जबकि उन्होंने पिछले हफ्ते कोई भी मैच नहीं खेला। जसप्रीत बुमराह 1 स्थान के उछाल के साथ छठे स्थान पर है।
आईसीसी टी20आई ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा और भारतीय स्टार हार्दिक पांड्या नंबर-1 और नंबर-2 पर विराजमान है।
ये भी पढ़े- IPL 2026: गुजरात टाइटंस ने खेला बड़ा दांव, इस दिग्गज को बनाया बैटिंग कोच





