Airstrike: अफगानिस्तान में कहर! पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में 400 मौतों का दावा

Pakistan Airstrike In Kabul: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में पाकिस्तान के हवाई हमले में नशा मुक्ति अस्पताल बुरी तरह तबाह हो गया।

Pakistan Airstrike In Kabul: पाकिस्तान ने सोमवार रात एक बार फिर अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक की है। पाकिस्तानी एयरफोर्स के लड़ाकू विमानों ने राजधानी काबुल के कई इलाकों को निशाना बनाया, जिनमें एक हॉस्पिटल भी है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक इसमें 400 लोगों की मौत हो गई, वहीं 250 से ज्यादा घायल हैं। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल में एक नशा मुक्ति अस्पताल पर बम गिराए।

एयरस्ट्राइक में निशाना बने रिहायशी इलाके और अस्पताल

जानकारी के अनुसार बीती रात साढ़े 9 बजे पाकिस्तानी वायुसेना ने अपने JF-17 और F-16 विमानों से काबुल में हमला किया. इसमें अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के पास रिहायशी इलाके, खुफिया एजेंसी GDI के हेडक्वार्टर के पास रिहायशी इलाके, राष्ट्रपति भवन के पास रिहायशी इलाके और काबुल एयरपोर्ट के पास पुराने नाटो बेस में स्थित 2 हजार बेड वाला सरकारी अस्पताल शामिल था.

पाकिस्तानी वायुसेना के भारी पेलोड के इस्तेमाल से रक्षा मंत्रालय और GDI के हेडक्वार्टर के पास पूरा आसमान आग से भर गया, वहीं राष्ट्रपति भवन के पास के रिहायशी इलाके में भी आग की लपटें उठीं. काबुल के पार्की सनाई कोचक इलाके में नशे के आदी मरीजों के इलाज वाले 2 हजार बेड वाले अस्पताल पर बमबारी के बाद पूरा अस्पताल आग के गोले की तरह धधकने लगा.

पाकिस्तान क्या बोला?

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के दावे को झूठा और जनता की राय को गुमराह करने के मकसद से किया गया बताकर खारिज कर दिया. पाकिस्तान ने कहा कि उसने सोमवार को काबुल और नंगरहार प्रांत में केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था.

अफ़गानिस्तान की तालिबान सरकार के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्ला फ़ितरत के मुताबिक, काबुल के उमर एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर हमला स्थानीय समय के अनुसार रात लगभग 9 बजे (16:30 GMT) हुआ. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह हॉस्पिटल 2,000 बेड की सुविधा वाला है और इस हमले में इमारत का एक बड़ा हिस्सा तबाह हो गया.

मौत और घायल होने वालों की संख्या

कुल 23 मिनट में काबुल की पांच जगहों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई बमबारी में रात 2 बजे तक की जानकारी के अनुसार 400 लोगों की मौत हो गई और 250 से अधिक लोग घायल हुए. काबुल के अलावा पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में भी बमबारी की, जिसमें फिलहाल किसी के मारे जाने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है. काबुल में फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है और अस्पताल समेत रिहायशी इलाकों से लाशों और दबे लोगों को निकालने का काम जारी है.

पिछले साल जुलाई से लेकर 17 मार्च 2026 तक पाकिस्तान की सेना और वायुसेना ने आतंकवाद विरोधी अभियान के नाम पर अपने देश में 74 आम लोगों की जान ले ली. कल की स्ट्राइक से पहले पाकिस्तानी सेना ने सितंबर से 15 मार्च तक 131 अफगानी नागरिकों को मार दिया. इस तरह इस बमबारी के बाद अब तक कम से कम 531 निर्दोष अफगानी नागरिक पाकिस्तान की सेना की कार्रवाई में मारे जा चुके हैं.

Back to top button