दिल्ली में UNI दफ्तर सील: कोर्ट के आदेश पर पुलिस की कार्रवाई; लगे बदसलूकी के आरोप

Delhi News: देश की प्रमुख समाचार एजेंसी United News of India (UNI) के दिल्ली स्थित दफ्तर को पुलिस ने सील कर दिया है।

यह कार्रवाई Delhi Police द्वारा Delhi High Court के आदेश के बाद की गई। घटना के बाद से मीडिया जगत में हलचल तेज हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित भवन जिस जमीन पर स्थित है, उसका आवंटन कई दशक पहले UNI को किया गया था। आरोप है कि लंबे समय तक उस जमीन पर निर्धारित शर्तों के अनुसार निर्माण कार्य नहीं किया गया। इस पर अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए सरकार को तत्काल कब्जा लेने के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के पालन में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दफ्तर को खाली कराकर सील कर दिया।

कर्मचारियों को बाहर निकाले जाने का आरोप:

कार्रवाई के दौरान UNI के कर्मचारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। एजेंसी का कहना है कि पुलिस ने कर्मचारियों को जबरन ऑफिस से बाहर निकाला। साथ ही, महिला कर्मचारियों के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की किए जाने के भी आरोप सामने आए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है।

पुलिस ने आरोपों को नकारा:

वहीं, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई कोर्ट के आदेश के तहत और तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। पुलिस के अनुसार, मौके पर की गई कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

मीडिया जगत में बढ़ी चिंता:

इस घटना के बाद मीडिया संगठनों और पत्रकारों के बीच चिंता बढ़ गई है। कई लोगों ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता और संस्थानों की सुरक्षा से जोड़कर भी देखा है, हालांकि प्रशासन का कहना है कि यह पूरी तरह से एक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के दावे आमने-सामने हैं। UNI की ओर से आगे कानूनी कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, प्रशासन अपने फैसले को कोर्ट के आदेश के अनुपालन के रूप में सही ठहरा रहा है।

(मामले में आगे की अपडेट का इंतजार है।)

Back to top button