Lucknow News: कैफे की आड़ में चल रहा था हुक्का बार, मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार

Lucknow News: पुलिस ने लखनऊ के कैसरबाग स्थित एसके कैफे में चल रहे अवैध हुक्का बार पर छापा मारा। इस कार्रवाई में मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कैसरबाग इलाके में पुलिस ने अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार पर छापा मारकर मैनेजर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से कई हुक्के और फ्लेवर्ड तंबाकू बरामद किया गया, जबकि कैफे का संचालक फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, कैसरबाग स्थित एसके कैफे की आड़ में हुक्का बार संचालित होने की शिकायत पुलिस को मिल रही थी।

कैफे के अंदर फैला हुआ था धुआं

22 मार्च की देर रात सूचना पर उपनिरीक्षक रामकेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कैफे के अंदर धुआं फैला हुआ था और टेबलों पर हुक्के रखे थे। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई।

कार्रवाई के दौरान एक युवक भागने में सफल हो गया, जबकि पुलिस ने तीन लोगों को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान शुभम सिंह उर्फ राघव सिंह निवासी बेलदारी लाइन हजरतगंज, यश सोनकर उर्फ लक्ष्य निवासी दीनदयाल नगर खदरा हसनगंज और सुहैल खान निवासी ख्यालीगंज कैसरबाग के रूप में बताई।

ये भी पढ़े- Varanasi News: वाराणसी में सिलेंडर ब्लास्ट से भरभराकर ढहा घर, दो लोगों की मौत

नहीं दिखा सके कोई वैध दस्तावेज

पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया शुभम सिंह हुक्का बार का मैनेजर है। लाइसेंस मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। मौके से आठ हुक्के, चिलम, पाइप, अमेरिकन और जाफरान फ्लेवर्ड तंबाकू, चारकोल समेत अन्य सामान बरामद किया गया।

ये भी पढ़े- UP News: अंधविश्वास में की हद पार, “बलि” के लिए युवक ने काट डाली गर्दन…

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि कैफे का मालिक आशियाना निवासी तनवीर है, जो छापेमारी के दौरान फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इंस्पेक्टर अजय नारायण मिश्र ने बताया कि मामले में चारों आरोपितों के खिलाफ कैसरबाग कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े- Ghaziabad News: “पत्नी पर शक… और फिर चली गोलियां, दोस्त समेत दो की हत्या

Back to top button