
लखनऊ अग्निकांड पर हाईकोर्ट सख्त, पूछा- PWD की जमीन पर कैसे होता रहा अतिक्रमण?
Lucknow Fire News: लखनऊ के विकासनगर अग्निकांड पर हाईकोर्ट ने PWD और जिला प्रशासन को फटकार लगाई है। कोर्ट ने पूछा है कि 20 साल से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कैसे हुआ और अवैध कनेक्शन किसने दिए?
Lucknow Fire News: राजधानी के विकासनगर इलाके में हुए भीषण अग्निकांड, जिसमें 250 से अधिक झोपड़ियाँ जलकर खाक हो गई थीं, उस पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को 30 मई तक विस्तृत जवाबी शपथपत्र दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूछा है कि आखिर 20 वर्षों से लोक निर्माण विभाग (PWD) की बेशकीमती जमीन पर इतना बड़ा अतिक्रमण कैसे फलता-फूलता रहा?
कोर्ट के तीखे सवाल: प्रशासन की ‘चुप्पी’ पर घेरा
न्यायमूर्ति राजन राय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की खंडपीठ ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार के अधिवक्ता से पूछा:
-
अतिक्रमण का आधार: आखिर 20 साल से PWD की करीब 4 बीघा जमीन पर 1455 लोग कैसे बस गए?
-
सुविधाओं का स्रोत: इन अवैध झुग्गियों में बिजली और कुकिंग गैस के कनेक्शन किन कंपनियों और अधिकारियों की मिलीभगत से मिले?
-
प्रशासनिक विफलता: इतने लंबे समय तक जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस अतिक्रमण पर ‘मौन’ क्यों साधे रहे?
30 मई तक जवाब तलब
अदालत ने इस मामले में जिलाधिकारी (DM), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), नगर निगम और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) को 30 मई तक विस्तृत जवाबी शपथ-पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने संकेत दिया है कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जा सकती है।
ये भी पढ़े- महिला आरक्षण बिल गिरा तो…अपर्णा यादव ने सपा-कांग्रेस के झंडे जलाए
पीड़ितों के लिए तत्काल राहत के निर्देश
15 अप्रैल को हुए इस हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई थी और सैकड़ों परिवार सड़क पर आ गए थे। कोर्ट ने मानवीय आधार पर निर्देश दिए हैं कि:
-
सभी पीड़ितों को पर्याप्त भोजन, साफ पानी और रहने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
-
घायलों और प्रभावितों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
-
भविष्य में किसी भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण न होने देने के लिए ठोस नीति बनाई जाए।
क्या था मामला?
बीते बुधवार को विकासनगर के पॉश इलाके में स्थित इन झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई थी। आग इतनी भयानक थी कि इसमें 30 से ज्यादा गैस सिलेंडर फटे, जिससे धमाकों की गूँज दूर-दराज तक सुनाई दी। फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियों ने 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था, लेकिन तब तक 250 परिवारों का सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
ये भी पढ़े- अवैध कब्जे और धर्मांतरण पर भड़का आक्रोश, विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल का प्रदर्शन





